ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ऊधमसिंहनगर पुलिस का बड़ा कदम
काया बाइक्स ने ऊधमसिंहनगर पुलिस को भेंट की 50 आधुनिक साइकिलें
“फिट, ग्रीन और अनुशासित पुलिस” बनाने की दिशा में एसएसपी अजय गणपति की नई पहल
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के विजन को आगे बढ़ा रही ऊधमसिंहनगर पुलिस
रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति द्वारा जनपद पुलिस में “फिट पुलिस, ग्रीन पुलिस और अनुशासित पुलिस” की अवधारणा को साकार करने की दिशा में एक अनूठी पहल की गई है। ईंधन बचत, पर्यावरण संरक्षण और पुलिस कर्मियों की फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से काया बाइक्स के सौजन्य से ऊधमसिंहनगर पुलिस को 50 हाईटेक साइकिलें उपलब्ध कराई गई हैं।
इन साइकिलों का उपयोग पुलिस लाइन एवं पुलिस कार्यालय परिसर में दैनिक शासकीय कार्यों के संचालन हेतु किया जाएगा। इससे वाहनों पर निर्भरता कम होने के साथ-साथ ईंधन की बचत और प्रदूषण नियंत्रण में भी सहायता मिलेगी।
एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस कार्यालय एवं पुलिस लाइन परिसर में साइकिलों के सुरक्षित एवं व्यवस्थित रखरखाव के लिए विशेष साइकिल स्टैंड भी स्थापित किए गए हैं। इससे महिला एवं पुरुष दोनों पुलिस कर्मियों को साइकिलों के उपयोग में सुविधा मिलेगी।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि यह पहल केवल ईंधन बचत तक सीमित नहीं है, बल्कि पुलिस कर्मियों को फिट, सक्रिय और अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित करेगी। नियमित रूप से साइकिल उपयोग करने से पुलिस कर्मियों के स्वास्थ्य में सुधार होगा तथा उनकी कार्यक्षमता भी बढ़ेगी।
उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री उत्तराखंड द्वारा पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत को लेकर चलाए जा रहे अभियानों को धरातल पर उतारने की दिशा में यह एक सकारात्मक प्रयास है। काया बाइक्स द्वारा उपलब्ध कराई गई आधुनिक साइकिलें स्वच्छ और हरित वातावरण को बढ़ावा देने में भी सहायक सिद्ध होंगी।
जनपद पुलिस में लागू की जा रही इस पहल को पुलिस कार्य संस्कृति में सकारात्मक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। एसएसपी अजय गणपति द्वारा पुलिस कर्मियों के हित, फिटनेस, अनुशासन और कार्यकुशलता को बढ़ावा देने के लिए लगातार नवाचार आधारित कार्य किए जा रहे हैं, जो भविष्य में अन्य इकाइयों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन सकते हैं।







