*प्रयागराज में जमीन में गाड़कर रखी नकदी बरामद, तीन ड्रमों में मिले 500 रुपये के नोट* *शुरुआती गिनती में पांच करोड़ रुपये से अधिक नकदी मिलने की चर्चा, 60 करोड़ तक की रकम के दावे की भी जांच*

*प्रयागराज में जमीन में गाड़कर रखी नकदी बरामद, तीन ड्रमों में मिले 500 रुपये के नोट*

 

*शुरुआती गिनती में पांच करोड़ रुपये से अधिक नकदी मिलने की चर्चा, 60 करोड़ तक की रकम के दावे की भी जांच*

 

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के बरईपुर रामनगर गांव में एक मकान के अंदर जमीन में गाड़कर रखे गए तीन ड्रमों से भारी मात्रा में नकदी बरामद होने का मामला सामने आया है। ड्रमों में 500-500 रुपये के नोटों की गड्डियां मिली हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, नकदी की गिनती में पांच करोड़ रुपये से अधिक की रकम सामने आने की बात कही जा रही है। हालांकि, गांव में रकम 60 करोड़ रुपये तक होने की चर्चा है, जिसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

 

जानकारी के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिलने के बाद बुधवार शाम डीसीपी गंगानगर सोनम कुमार और एडीसीपी समेत पुलिस की टीम ने संबंधित मकान पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान एहतियातन गांव की बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। इसके बाद 40 से अधिक पुलिसकर्मियों ने मकान को घेर लिया और परिसर में खुदाई कराई। इसी दौरान जमीन में दबाकर रखे गए तीन ड्रमों से नोटों की गड्डियां बरामद हुईं।

 

बताया जा रहा है कि मकान राकेश यादव उर्फ महाकाल का है। पुलिस ने मामले में चार लोगों को हिरासत में लिया है और मकान को सील कर दिया है। बरामद नकदी की वास्तविक राशि का पता लगाने के लिए आयकर विभाग की टीम नोट गिनने वाली मशीनों की मदद से रकम की गिनती कर रही है।

 

पुणे में काम करता था मकान मालिक

 

स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि राकेश यादव पहले पुणे में काम करता था। वर्ष 2020 में लॉकडाउन के दौरान गांव लौटने के बाद उसने जमीनें और ट्रैक्टर खरीदने शुरू कर दिए थे। बताया जा रहा है कि पड़ोसी के साथ विवाद के बाद इस मामले की जानकारी सामने आई।

 

फिलहाल बरामद नकदी के वास्तविक मूल्य, उसके स्रोत और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। आयकर विभाग की जांच और पुलिस की आधिकारिक जानकारी के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Advertisement
Advertisement
Advertisement