होमस्टे संचालकों के लिए 25 मई को विधिक शिविर आयोजित होगा
रामनगर। रामनगर टैक्स बार एसोसिएशन की ओर से होमस्टे संचालकों की समस्याओं के समाधान एवं जागरूकता को लेकर सोमवार 25 मई को टेड़ा ग्राम स्थित स्पैरो नेस्ट होमस्टे में सायं 4 बजे विधिक शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में अधिवक्ताओं एवं विशेषज्ञों द्वारा होमस्टे संचालन से जुड़े कानूनी, प्रशासनिक और विभागीय विषयों पर जानकारी दी जाएगी।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट पूरन चंद्र पांडे ने बताया कि रामनगर क्षेत्र में संचालित होमस्टे व्यवसाय में पंजीकरण प्रक्रिया, सुरक्षा मानकों, खाद्य लाइसेंस समेत विभिन्न विभागीय औपचारिकताओं को लेकर संचालकों को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अनेक संचालकों को शासन की ओर से निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं की पर्याप्त जानकारी नहीं मिल पा रही है।
उपसचिव मनु अग्रवाल ने कहा कि रामनगर प्रमुख पर्यटन क्षेत्र होने के कारण यहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में पर्यटकों की सुरक्षा, गुणवत्तापूर्ण सुविधाओं और सुव्यवस्थित पर्यटन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए होमस्टे संचालकों को नियमों और मानकों की जानकारी देना आवश्यक है।
उपाध्यक्ष फिरोज अंसारी ने बताया कि शिविर में जिला पर्यटन विभाग, अग्निशमन विभाग एवं खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को भी आमंत्रित किया गया है, ताकि संचालकों को विभागीय नियमों, सुरक्षा मानकों और आवश्यक प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी मिल सके।
मीडिया प्रभारी गुलरेज रजा ने कहा कि इस प्रकार के शिविर भविष्य में उत्पन्न होने वाली समस्याओं के समाधान में सहायक सिद्ध होंगे तथा क्षेत्र के पर्यटन विकास को भी मजबूती मिलेगी।
इसी संबंध में जिलाधिकारी नैनीताल को उपजिलाधिकारी कार्यालय रामनगर में नायब तहसीलदार के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन सौंपने वालों में अध्यक्ष एडवोकेट पूरन चंद्र पांडे, उपाध्यक्ष फिरोज अंसारी, मीडिया प्रभारी गुलरेज रजा और उपसचिव मनु अग्रवाल शामिल रहे।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट पूरन चंद्र पांडे ने मीडिया कर्मियों से शिविर में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।







