हल्द्वानी में मुख्यमंत्री धामी ने सुनी जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
हल्द्वानी। जनपद नैनीताल के दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को हल्द्वानी-काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में आम जनता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। ‘जनता के द्वार’ कार्यक्रम के तहत आयोजित जनसुनवाई में मुख्यमंत्री ने एक-एक शिकायत का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण के सख्त निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का संतुष्टिपरक समाधान करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनता को राहत पहुंचाने के लिए प्रशासनिक कार्यप्रणाली में संवेदनशीलता लाना आवश्यक है।
जनसुनवाई के दौरान स्थानीय लोगों ने पेयजल संकट, बिजली कटौती, जर्जर ग्रामीण सड़कों एवं सिंचाई संबंधी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इस पर मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
मुख्यमंत्री ने पेयजल निगम को निर्देशित किया कि भीषण गर्मी को देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल टैंकरों के माध्यम से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही खराब पड़े नलकूपों एवं हैंडपंपों को युद्धस्तर पर ठीक करने के निर्देश भी दिए।
लोक निर्माण विभाग (PWD) को सभी क्षतिग्रस्त संपर्क मार्गों का प्राथमिकता के आधार पर पैचवर्क कर गड्ढामुक्त बनाने के निर्देश दिए गए। वहीं विद्युत विभाग को निर्धारित रोस्टर का पालन करते हुए अनावश्यक कटौती रोकने एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि किसी विभाग की ओर से ढिलाई सामने आती है तो संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रामसिंह कैड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, विधायक सरिता आर्या, दायित्वधारी अनिल कपूर डब्बू, दिनेश आर्या, भावना मेहरा, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी एवं मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद







