*सीएम की घोषणाओं को धरातल पर उतारने की कवायद तेज*
- *महापौर ने अधिकारियों के साथ की विकास योजनाओं की समीक्षा, जल्द डीपीआर शासन को भेजने के निर्देश*
रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से रुद्रपुर शहर के विकास के लिए की गई घोषणाओं को धरातल पर उतारने की कवायद तेज हो गई है। शुक्रवार को महापौर विकास शर्मा ने मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी समेत लोक निर्माण विभाग, नगर निगम और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर जल्द शासन को भेजने के निर्देश दिए।
बैठक में गंगापुर रोड के चौड़ीकरण, अटरिया मोड़ से आदर्श कॉलोनी तक प्रस्तावित मिनी बाईपास, डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना और भूरारानी मार्ग के चौड़ीकरण समेत कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर चर्चा हुई। महापौर ने कहा कि सभी योजनाओं की डीपीआर प्राथमिकता के आधार पर तैयार कर शासन को भेजी जाए, ताकि वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जा सके।
इसके अलावा बगवाड़ा से फुलसुंगी मार्ग की मरम्मत, ग्रामीण क्षेत्रों की जर्जर सड़कों के पुनर्निर्माण और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गई। महापौर ने अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि शहरी क्षेत्रों के साथ ग्रामीण संपर्क मार्गों का सुदृढ़ होना भी विकास के लिए बेहद जरूरी है।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि अटरिया मोड़ से आदर्श कॉलोनी तक प्रस्तावित मिनी बाईपास रुद्रपुर के यातायात तंत्र के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। इसके निर्माण से मुख्य मार्गों पर यातायात का दबाव कम होने के साथ जाम की समस्या से भी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह मार्ग भविष्य में शहर की नई लाइफ लाइन के रूप में विकसित हो सकता है।
उन्होंने कहा कि गंगापुर रोड के चौड़ीकरण से लंबे समय से बनी जाम की समस्या के समाधान में मदद मिलेगी। वहीं डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना से युवाओं और विद्यार्थियों को आधुनिक अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध होंगी। भूरारानी मार्ग के चौड़ीकरण से भी क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद है।
महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सहयोग और मार्गदर्शन से रुद्रपुर के लिए कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं। इन योजनाओं को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारने के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं में तेजी से कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।







