*शराब के नशे में घर के बाहर हंगामा, फायरिंग की सूचना पर पहुंची पुलिस; दो बंदूकों व आठ कारतूसों के साथ आरोपी गिरफ्तार*
सितारगंज। एसएसपी ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन प्रहार के तहत सितारगंज पुलिस ने अवैध असलहों के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक नाली 12 बोर बंदूक, एक दो नाली .315 बोर बंदूक तथा 12 बोर के आठ जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि तिगड़ी फार्म क्षेत्र निवासी 47 वर्षीय मंदीप सिंह पुत्र हरबंस सिंह शराब के नशे में अपने घर के बाहर गाली-गलौज कर रहा है और बंदूक से फायरिंग भी की है। सूचना मिलते ही सितारगंज पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल और महिला पुलिस कर्मियों को भी मौके पर बुलाया गया।
पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी घर की गैलरी से दोनों बंदूकें और कारतूसों की बेल्ट लेकर खेतों की ओर भाग निकला। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए करीब एक किलोमीटर दूर खेतों से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से दोनों बंदूकें और आठ जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली सितारगंज में एफआईआर संख्या 392/2026 के तहत धारा 25(1-ख)(क) आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक जावेद मलिक, उपनिरीक्षक एवं चौकी प्रभारी सरकड़ा दीपक तिवारी, कांस्टेबल संदीप सजवान, विजय कुमार और वीरेंद्र कुमार शामिल रहे।







