जिला योजना समिति की बैठक में 7413.20 लाख रुपये की योजना स्वीकृत
प्रभारी मंत्री बत्रा बोले—सबका साथ, सबका विकास के सिद्धांत पर काम
रुद्रपुर, । सोमवार को डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में कैबिनेट मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा की अध्यक्षता में जिला योजना समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस दौरान समिति ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 7413.20 लाख रुपये की जिला योजना को अनुमोदित किया।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि सरकार “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” के मूलमंत्र पर कार्य कर रही है तथा सभी जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों को निष्पक्ष रूप से योजना में शामिल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिला योजना जनपद के समग्र विकास की आधारशिला है, जिससे छोटे-छोटे लेकिन आवश्यक कार्यों को गति मिलती है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधूरे विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए। साथ ही सभी नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने एवं पानी की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि राज्य स्तर पर लंबित प्रस्तावों के लिए शीघ्र धनराशि उपलब्ध कराने हेतु शासन से वार्ता की जाएगी। इसके अलावा जिलाधिकारी को सीएसआर मद के माध्यम से भी जरूरी विकास कार्य कराने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि जिला योजना में स्वरोजगार एवं आजीविका आधारित योजनाओं के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल एवं नवाचार से जुड़े प्रस्तावों को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने बताया कि विभिन्न विभागों के लिए धनराशि निर्धारित की गई है, जिसमें माध्यमिक शिक्षा को 498 लाख, स्वास्थ्य विभाग को 335 लाख, कृषि को 205 लाख, उद्यान को 239.25 लाख, सिंचाई को 547 लाख, लघु सिंचाई को 300 लाख, नलकूप को 225 लाख, सामुदायिक विकास को 334.14 लाख, पशुपालन को 195 लाख, जल संस्थान को 390 लाख, पेयजल निगम को 315 लाख, लोक निर्माण विभाग को 615 लाख तथा पंचायतीराज को 500 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, मेयर विकास शर्मा, दीपक बाली, ब्लॉक प्रमुख चंद्र प्रभा, ज्योति ग्रोवर, अनूप कौर, रीना गौतम, विधायक बाजपुर प्रतिनिधि डीके जोशी, जिला योजना समिति सदस्य अमित नारंग, भास्कर संभल, सुरज नारायण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।







