काशी में ‘जन आक्रोश महिला सम्मेलन’ आज, पीएम मोदी देंगे 6,322 करोड़ की 163 योजनाओं की सौगात
बरेका मैदान में 50 हजार महिलाओं की भागीदारी संभावित
सुरक्षा से लेकर संचालन तक महिलाओं के हाथ में पूरी जिम्मेदारी
दो अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को भी दिखाएंगे हरी झंडी
वाराणसी, 27 अप्रैल।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार 28 अप्रैल को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचेंगे। इस दौरान वह बरेका मैदान में आयोजित ‘जन आक्रोश महिला सम्मेलन’ को संबोधित करेंगे और करीब 6,322 करोड़ रुपये की 163 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।
भाजपा की ओर से आयोजित इस सम्मेलन में लगभग 50 हजार महिलाओं के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम की खास बात यह है कि इसका पूरा संचालन महिलाओं द्वारा किया जाएगा, यहां तक कि सुरक्षा व्यवस्था भी महिला पुलिसकर्मियों के जिम्मे रहेगी। सम्मेलन में महिला सम्मान, सुरक्षा, स्वावलंबन और समान अवसर जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।
प्रधानमंत्री दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों—बनारस-पुणे (हडपसर) और अयोध्या-मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस)—को भी हरी झंडी दिखाएंगे। इसके अलावा दुग्ध उत्पादक किसानों को 105 करोड़ रुपये का बोनस भी हस्तांतरित किया जाएगा।
प्रधानमंत्री दोपहर बाद लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचेंगे और वहां से हेलीकॉप्टर द्वारा बरेका सभा स्थल जाएंगे। इस दौरान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
विकास को मिलेगी नई रफ्तार
प्रधानमंत्री द्वारा जिन परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा, उनमें सड़क चौड़ीकरण, फ्लाईओवर, रेलवे ओवरब्रिज, अस्पतालों का निर्माण व उन्नयन, शैक्षणिक संस्थानों का विकास, पेयजल व सीवरेज योजनाएं, खेल सुविधाएं, तालाबों का जीर्णोद्धार, हरित ऊर्जा और पर्यटन विकास जैसी योजनाएं शामिल हैं। इन परियोजनाओं से पूर्वांचल में बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
29 अप्रैल को करेंगे बाबा विश्वनाथ के दर्शन
दौरे के दूसरे दिन 29 अप्रैल की सुबह प्रधानमंत्री श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके अलावा वह जनप्रतिनिधियों और संगठन पदाधिकारियों के साथ बैठक भी कर सकते हैं।
प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। शहर के विभिन्न स्थानों पर ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के साथ उनके स्वागत की तैयारी की गई है।
163 योजनाओं का ब्योरा
कुल 163 परियोजनाओं में 50 योजनाओं (लगभग 1054.69 करोड़ रुपये) का लोकार्पण और 113 योजनाओं (करीब 5277.39 करोड़ रुपये) का शिलान्यास किया जाएगा। इनमें सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, विद्युत, जलापूर्ति और शहरी विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं, जो काशी के समग्र विकास को नई दिशा देंगी।







