पुलिस मुठभेड़ में बदमाश घायल, साथी फरार
हरिद्वार। बुग्गावाला थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने घायल आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और पूर्व में हुई फायरिंग की घटना से संबंधित मोबाइल फोन बरामद किया है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार कांबिंग अभियान चला रही है।
पुलिस के अनुसार बुग्गावाला थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ उत्तर प्रदेश सीमा से बंजारावाला क्षेत्र में गश्त एवं सघन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान ग्राम बंजारावाला की ओर से मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का संकेत दिए जाने पर दोनों आरोपियों ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग में पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे मौके पर ही दबोच लिया गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया।
पूछताछ में घायल आरोपी ने अपना नाम लुकमान पुत्र गुफरान निवासी ग्राम गोकुलवाला, थाना बुग्गावाला बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस तथा नौ जून को अमानतगढ़ स्थित एक फैक्ट्री में हुई फायरिंग की घटना से संबंधित पीड़ित का मोबाइल फोन बरामद किया गया।
घायल आरोपी को उपचार के लिए सिविल अस्पताल रुड़की भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना पर एसपी देहात शेखर चंद सुयाल मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
पुलिस के अनुसार फरार आरोपी की पहचान गुलजार निवासी खेड़ी शिकोहपुर, थाना भगवानपुर के रूप में हुई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है तथा क्षेत्र में लगातार कांबिंग अभियान चलाया जा रहा है।
एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने बताया कि फरार आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास और अन्य मामलों में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।







