शराब के नशे में मारपीट कर रहे पांच लोग गिरफ्तार
लालकुआं। हल्दूचौड़ चौकी पुलिस ने ग्राम खड़कपुर में शराब के नशे में आपस में मारपीट कर रहे पांच लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, 21 जून को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि ग्राम खड़कपुर स्थित काली मंदिर के समीप दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट हो रही है। सूचना पर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अर्जुन गिरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने मौके पर पाया कि दोनों पक्ष शराब के नशे में एक-दूसरे से मारपीट कर रहे थे, जिससे क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। पुलिस ने सभी को समझाकर शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने और विवाद बढ़ता गया।
स्थिति की गंभीरता तथा किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए पुलिस ने पांचों व्यक्तियों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों में विजय कुमार (24), अमित कुमार (33), कृष्णा आर्या (33), विजय आर्या (34) तथा प्रकाश राम (34) शामिल हैं। सभी ग्राम खड़कपुर, हल्दूचौड़ क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपितों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।







