*कार्यकर्ता की मौत के बीच ‘युवा संवाद’ में फिल्मी गीतों पर झूमे कांग्रेस नेता, वीडियो वायरल*

Spread the love

*कार्यकर्ता की मौत के बीच ‘युवा संवाद’ में फिल्मी गीतों पर झूमे कांग्रेस नेता, वीडियो वायरल*

देहरादून। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के देहरादून दौरे के दौरान आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम एक नए विवाद में घिर गया है। कार्यक्रम शुरू होने से पहले फिल्मी गीत बजने और उन पर कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं के झूमने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक बहस तेज हो गई है। विवाद इसलिए भी गहरा गया क्योंकि इसी कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान एक हादसे में कांग्रेस कार्यकर्ता की मौत हो गई थी।

शुक्रवार शाम आयोजित कार्यक्रम में राहुल गांधी ने बड़ी संख्या में पहुंचे छात्रों को संबोधित किया। उनके मंच पर आने से पहले कार्यक्रम स्थल पर फिल्मी गीत बजाए गए। वायरल वीडियो में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, वरिष्ठ कांग्रेस नेता गणेश गोदियाल सहित अन्य नेता गीतों की धुन पर झूमते दिखाई दे रहे हैं। ये वीडियो अब सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा किए जा रहे हैं।

इस घटनाक्रम को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। भाजपा नेताओं का कहना है कि जब कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान एक कार्यकर्ता की दुखद मृत्यु हो चुकी थी, तब आयोजन को सादगी और संवेदनशीलता के साथ किया जाना चाहिए था। उनका आरोप है कि शोक की स्थिति में फिल्मी गीतों और नृत्य जैसा माहौल असंवेदनशीलता को दर्शाता है।

भाजपा ने कार्यक्रम में बजाए गए गीतों और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में सुनाई देने वाले कथित नारों पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि युवा सम्मेलन का उद्देश्य युवाओं को शिक्षा, रोजगार, नवाचार, खेल और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर प्रेरित करना होना चाहिए, जबकि इस तरह की गतिविधियां गलत संदेश देती हैं।

हालांकि राहुल गांधी का संबोधन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और कार्यक्रम में छात्रों की अच्छी-खासी मौजूदगी रही। इसके बावजूद कार्यक्रम से जुड़े वीडियो अब प्रदेश की राजनीति में चर्चा का विषय बने हुए हैं।

समाचार लिखे जाने तक कांग्रेस की ओर से इस विवाद पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया या स्पष्टीकरण जारी नहीं किया गया था।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *