*बेटी की बहादुरी से बची बुजुर्ग की जान, घर में घुसे तेंदुए को किया बंद*
चंपावत, संवाददाता। जिले के सिमल्टा गांव में शुक्रवार देर रात एक तेंदुआ घर में घुस आया और टीवी देख रहे एक बुजुर्ग पर हमला कर दिया। हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि मायके आई उनकी बेटी की सूझबूझ और साहस से न केवल बुजुर्ग की जान बच गई, बल्कि तेंदुए को भी घर के भीतर ही बंद कर दिया गया। बाद में वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर तेंदुए को सुरक्षित पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत सिमल्टा निवासी 64 वर्षीय सुरेश चंद्र पांडे पुत्र लक्ष्मी दत्त पांडे शुक्रवार रात भोजन के बाद अपने घर में टीवी देख रहे थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे तेंदुए ने घर के भीतर घुसकर उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में सुरेश चंद्र पांडे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के समय कुछ दिनों के लिए मायके आई उनकी बेटी किरण पांडे ने साहस का परिचय देते हुए पिता को तेंदुए के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद उसने सूझबूझ दिखाते हुए तेंदुए को घर के भीतर ही बंद कर दिया, जिससे वह बाहर नहीं निकल सका और बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही उप प्रभागीय वनाधिकारी सुनील कुमार के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। देर रात तक चले रेस्क्यू अभियान के दौरान तेंदुए को सुरक्षित पिंजरे में कैद कर लिया गया। तेंदुए के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
उप प्रभागीय वनाधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि घायल सुरेश चंद्र पांडे को तत्काल जिला अस्पताल चंपावत में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। वन विभाग की टीम मामले की जांच के साथ ही क्षेत्र में निगरानी बढ़ा रही है।







