रन फॉर योगा में शामिल हुए मुख्यमंत्री धामी, योग को जन-जन तक पहुंचाने का किया आह्वान
देहरादून। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार को पुलिस लाइन देहरादून में आयोजित ‘रन फॉर योगा’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली, सकारात्मक सोच और योग को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त अभियान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि देवभूमि Uttarakhand सदियों से योग, आध्यात्मिक साधना और ऋषि-मुनियों की तपस्थली रही है। यहां की समृद्ध आध्यात्मिक परंपरा और प्राकृतिक वातावरण पूरी मानवता को स्वास्थ्य, संतुलन और सकारात्मक जीवन का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करने वाली वैज्ञानिक एवं जीवनोपयोगी पद्धति है। मुख्यमंत्री ने कहा कि Narendra Modi के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली। वर्ष 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा भारत के प्रस्ताव को स्वीकार किए जाने के बाद 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता मिली और आज विश्व के 190 से अधिक देशों में करोड़ों लोग नियमित रूप से योग का अभ्यास कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बढ़ते तनाव, अवसाद और विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच योग स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। उन्होंने युवाओं से नियमित योग और व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ, ऊर्जावान और अनुशासित युवा ही राज्य और देश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को योग, आयुर्वेद, वेलनेस और प्राकृतिक चिकित्सा के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। नई योग नीति के माध्यम से योग एवं ध्यान केंद्रों को प्रोत्साहित किया जा रहा है, योग प्रशिक्षकों को सहयोग दिया जा रहा है तथा योग एवं वेलनेस आधारित रोजगार के नए अवसर भी सृजित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से प्रतिदिन योग अपनाने, स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली विकसित करने, नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने तथा योग के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तराखंड के युवा योग को जनआंदोलन का स्वरूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और स्वस्थ, समृद्ध एवं सशक्त उत्तराखंड के निर्माण में सहभागी बनेंगे।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री Madan Kaushik, विधायक Vinod Chamoli, देहरादून के महापौर Saurabh Thapliyal, सचिव आयुष रंजना राजगुरु, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परमेंद्र डोभाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पुलिसकर्मी, योग प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।







