जागेश्वर धाम पहुंच राज्यपाल ने की पूजा-अर्चना, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना

Spread the love

जागेश्वर धाम पहुंच राज्यपाल ने की पूजा-अर्चना, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना

अल्मोड़ा। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने शुक्रवार को अल्मोड़ा जनपद स्थित वृद्ध जागेश्वर, दण्डेश्वर महादेव मंदिर तथा जागेश्वर धाम पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने भगवान शिव से देश एवं प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और कल्याण की कामना की।

पूजन के उपरांत राज्यपाल ने कहा कि जागेश्वर धाम सहित संपूर्ण कुमाऊं क्षेत्र उत्तराखंड की समृद्ध आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। यहां का दिव्य वातावरण और आध्यात्मिक ऊर्जा श्रद्धालुओं को आत्मिक शांति के साथ नई प्रेरणा प्रदान करती है।

उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के पवित्र तीर्थस्थल केवल आस्था के केंद्र ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक मूल्यों के सशक्त संवाहक भी हैं। राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड की आध्यात्मिक परंपरा देश-दुनिया के श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित करती है तथा ऐसे पवित्र स्थलों का संरक्षण और संवर्धन हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के लिए अत्यंत आवश्यक है।

राज्यपाल ने भगवान शिव से प्रार्थना करते हुए कहा कि उनकी कृपा सभी देशवासियों पर बनी रहे तथा समाज में शांति, सद्भाव, समृद्धि और लोककल्याण की भावना निरंतर मजबूत होती रहे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि देवभूमि की आध्यात्मिक चेतना सभी के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, शांति और मंगल का संचार करती रहेगी।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *