बाजपुर से पंजाब का वांछित अपराधी गिरफ्तार, अवैध हथियार और हेरोइन तस्करी के मामले में था फरार

बाजपुर से पंजाब का वांछित अपराधी गिरफ्तार, अवैध हथियार और हेरोइन तस्करी के मामले में था फरार

रुद्रपुर/बाजपुर, 15 जून। उत्तराखंड एसटीएफ, पंजाब पुलिस और बाजपुर पुलिस के संयुक्त अभियान में पंजाब के एक वांछित अपराधी को बाजपुर के केशवनगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पर मादक पदार्थों और अवैध हथियारों की तस्करी के गंभीर आरोप हैं तथा वह पिछले कई सप्ताह से फरार चल रहा था।

एसएसपी एसटीएफ के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान ईशानप्रीत सिंह पुत्र जगजीत सिंह, निवासी सुरता सिंह कॉलोनी, नारायणगढ़, थाना छेहर्टा, अमृतसर सिटी (पंजाब) के रूप में हुई है। उसके खिलाफ पंजाब के एसएएस नगर स्थित एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) थाने में एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज है।

जानकारी के अनुसार 23 मई 2026 को एएनटीएफ अमृतसर और बीएसएफ ने नशा एवं हथियार तस्करों के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाते हुए आरोपी के अमृतसर स्थित आवास पर छापा मारा था। पुलिस टीम को देखकर आरोपी मकान की छत से कूदकर फरार हो गया था। तलाशी के दौरान उसके घर से भारी मात्रा में अवैध हथियार और मादक पदार्थ बरामद किए गए थे।

बरामद सामान में तीन बरेटा पिस्टल, तीन जिगाना पिस्टल, छह मेड इन चाइना पिस्टल, 20 मैगजीन तथा लगभग 900 ग्राम हेरोइन शामिल थी।

एसटीएफ अधिकारियों के मुताबिक जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के पास हथियार और मादक पदार्थ पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से सीमा पार पहुंचाए गए थे। घटना के बाद से पंजाब पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां उसकी तलाश में जुटी हुई थीं।

हाल ही में पंजाब पुलिस से मिली सूचना के आधार पर उत्तराखंड एसटीएफ को आरोपी के ऊधमसिंह नगर जिले में छिपे होने की जानकारी मिली। इसके बाद एसटीएफ, एएनटीएफ पंजाब और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार तड़के बाजपुर के केशवनगर क्षेत्र में कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के बाद आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई एवं विस्तृत जांच के लिए पंजाब पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच पंजाब पुलिस द्वारा की जाएगी।

Advertisement
Advertisement
Advertisement