पिस्टल के दम पर दहशत फैलाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
ऑपरेशन प्रहार के तहत रुद्रपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी समेत दो जेल भेजे गए
रुद्रपुर में कानून से खिलवाड़ पड़ा भारी, अजय गणपति की टीम ने आरोपियों को पहुंचाया जेल
ठिकाने बदलकर भी नहीं बच सके आरोपी, अजय गणपति की टीम ने दबिश देकर किया गिरफ्तार
रुद्रपुर में अपराध पर करारा प्रहार, एसएसपी अजय गणपति की रणनीति से आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे
रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत रुद्रपुर पुलिस ने पिस्टल के बल पर एक परिवार को धमकाने और क्षेत्र में दहशत फैलाने के मामले में मुख्य आरोपी समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लोडेड .30 बोर पिस्टल और छह जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार 10 जून को आदर्श कॉलोनी क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा एक परिवार के घर पहुंचकर हंगामा करने तथा पिस्टल दिखाकर धमकाने की सूचना पुलिस को मिली थी। स्थानीय लोगों के विरोध पर आरोपी मौके से फरार हो गए थे। भागने के दौरान एक आरोपी पिस्टल फेंक गया, जिसे पुलिस ने मौके से बरामद कर लिया।
जांच में सामने आया कि आदर्श कॉलोनी निवासी तरुण दियू उर्फ सन्नी के भाई कपिल ने लगभग एक माह पूर्व आत्महत्या कर ली थी। परिजन घर के सामने एसी की दुकान संचालित करने वाले रमन कक्कड़ को इस घटना के लिए जिम्मेदार मान रहे थे, जिसको लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था।
पुलिस के अनुसार 10 जून को रमन कक्कड़, उसके भाई रवि कक्कड़ और अन्य साथियों ने सन्नी के परिवार के साथ विवाद किया। इसी दौरान उनके साथ आए एक व्यक्ति ने पिस्टल दिखाकर परिवार को धमकाया। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए, जिसके बाद आरोपी मौके से भाग निकले।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया। पुलिस ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से लगातार दबिश दी। इस दौरान यह भी जानकारी मिली कि आरोपी पीड़ित पक्ष को दोबारा नुकसान पहुंचाने की योजना बना रहे हैं और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहे हैं।
सोमवार को मुखबिर की सूचना पर बाजार चौकी, आदर्श कॉलोनी चौकी और रम्पुरा चौकी पुलिस की संयुक्त टीम ने रामपुर जनपद के खानपुर गांव जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी कर मुख्य आरोपी रमन कक्कड़ और पिस्टल लेकर आए दीपक कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना में शामिल अन्य लोगों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की कार्रवाई जारी है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
रमन कक्कड़ (32 वर्ष), निवासी केसरपुर, थाना रुद्रपुर।
दीपक कुमार (26 वर्ष), निवासी मजरा झुण्डी सकैनिया, थाना गदरपुर।
बरामदगी
एक लोडेड .30 बोर पिस्टल
छह जिंदा कारतूस
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कदम उठाए जाएंगे।







