*छात्रसंघ चुनाव के लिए शक्ति प्रदर्शन के साथ नामांकन*, *रुद्रपुर में 11 पदों पर दाखिल हुए पर्चे*

*छात्रसंघ चुनाव के लिए शक्ति प्रदर्शन के साथ नामांकन*, *रुद्रपुर में 11 पदों पर दाखिल हुए पर्चे*

रुद्रपुर/किच्छा। सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रुद्रपुर में छात्रसंघ चुनाव को लेकर शुक्रवार को नामांकन प्रक्रिया संपन्न हुई। 11 पदों के लिए प्रत्याशियों ने समर्थकों के साथ शक्ति प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय पहुंचकर नामांकन पत्र दाखिल किए। महाविद्यालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहा। समर्थकों ने नारेबाजी और जयघोष के साथ अपने प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाया। इस दौरान प्रत्याशियों के चेस कार्ड भी वितरित किए गए। बड़ी संख्या में चेस कार्ड हवा में उछाले जाने से महाविद्यालय के आसपास का मुख्य मार्ग चेस कार्ड से पट गया।

महाविद्यालय परिसर में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, उपाध्यक्ष छात्र, सचिव, संयुक्त सचिव, कोषाध्यक्ष, सांस्कृतिक सचिव, कला संकाय प्रतिनिधि, वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि, विज्ञान संकाय प्रतिनिधि और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद के लिए नामांकन हुए। सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रत्याशी के साथ केवल प्रस्तावक को ही परिचय पत्र की जांच के बाद महाविद्यालय में प्रवेश दिया गया।

नामांकन प्रक्रिया के दौरान अध्यक्ष पद के लिए अभिषेक सिंह, विपुल मंडल और गौरव कुशवाहा ने नामांकन कराया। उपाध्यक्ष पद के लिए विश्वजीत, उपाध्यक्ष छात्र पद के लिए हिमानी जोशी और ज्योति मित्र, सचिव पद के लिए गुरबाज सिंह, संयुक्त सचिव पद के लिए हर्षिता पांडे, कोषाध्यक्ष पद के लिए रिया गुप्ता और गंगा, सांस्कृतिक सचिव पद के लिए गौरव शर्मा, कला संकाय प्रतिनिधि पद के लिए नीरज, विज्ञान संकाय प्रतिनिधि पद के लिए आशू सैनी तथा विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद के लिए करन कोली और विकास ने नामांकन दाखिल किया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अवधेश कुमार सिंह और मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. सर्वजीत सिंह ने नामांकन प्रक्रिया का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों ने भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। चुनाव को लेकर समर्थक छात्र-छात्राएं आगामी 29 सितंबर को अपने प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील करते नजर आए।

किच्छा में भी शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया

राजकीय महाविद्यालय किच्छा में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के द्वितीय छात्रसंघ चुनाव के लिए शुक्रवार को नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक नामांकन पत्र जमा किए गए। नामांकन को लेकर छात्र-छात्राओं में उत्साह दिखाई दिया। शुक्रवार दोपहर तक अध्यक्ष पद के लिए आमिर पुत्र मुजीब ने अपना नामांकन दाखिल किया। अन्य पदों के लिए भी नामांकन प्रक्रिया जारी रही।

इससे पहले गुरुवार को छात्रसंघ चुनाव के विभिन्न पदों के लिए कुल 19 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई थी। इनमें आमिर, मोहम्मद फरहान, पायल गोस्वामी, हिमानी वर्मा, संगीता, शवा, माही, मोहम्मद समीर, आरती और अनीसा असवाल सहित अन्य छात्र-छात्राओं ने नामांकन पत्र खरीदे थे। हालांकि, प्रत्याशियों की वास्तविक स्थिति नामांकन दाखिल होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

महाविद्यालय में छात्रसंघ के कुल नौ पदों के लिए चुनाव कराया जा रहा है। इनमें अध्यक्ष, उपाध्यक्ष (छात्र), सचिव, कोषाध्यक्ष, संकाय प्रतिनिधि, सांस्कृतिक सचिव और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि समेत विभिन्न पद शामिल हैं।

प्राचार्य डॉ. राजीव रतन के निर्देशन में चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई जा रही है। उन्होंने प्रत्याशियों और छात्र-छात्राओं से लिंगदोह समिति की सिफारिशों का पालन करने तथा महाविद्यालय परिसर में अनुशासन और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने की अपील की है।

छात्रसंघ चुनाव प्रभारी डॉ. राजेश कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। इसी दिन प्रत्याशियों को नाम वापसी का अवसर भी मिलेगा। जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वैध प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। इसके बाद ही चुनाव मैदान में मौजूद प्रत्याशियों की वास्तविक तस्वीर साफ होगी।

Advertisement
Advertisement
Advertisement