*कॉलेज के पास चल रहे स्मैक तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, 51.97 ग्राम स्मैक के साथ पांच गिरफ्तार*
– *ऑपरेशन प्रहार के तहत सितारगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो वाहन, सात मोबाइल, नकदी और आभूषण बरामद*
सितारगंज। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत सितारगंज पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 51.97 ग्राम स्मैक, स्मैक बिक्री से प्राप्त 8,310 रुपये की नकदी, नशे की कमाई से खरीदे गए आभूषण, दो वाहन, सात मोबाइल फोन सहित अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, कॉलेज क्षेत्र में स्मैक तस्करी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश था। इसी के मद्देनजर 28 जुलाई को महिला उपनिरीक्षक बबीता टम्टा अपनी टीम के साथ गश्त और एनबीडब्ल्यू की तामील कर रही थीं। इस दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल और स्कूटी सवारों का पीछा करते हुए पुलिस वलीनगर स्थित बीएड कॉलेज के पास पहुंची, जहां एक मकान के चबूतरे पर बैठे पांच लोग स्मैक की पुड़िया तैयार कर उसकी बिक्री कर रहे थे। पुलिस ने मौके पर ही सभी आरोपितों को दबोच लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने 51.97 ग्राम स्मैक, स्मैक बिक्री से अर्जित 8,310 रुपये की नकदी, छह कंगन, एक नथ-चेन, एक मांगटीका, दो जोड़ी बालियां, एक अंगूठी, एक जोड़ी झुमके और एक जोड़ी टॉप्स सहित नशे की कमाई से खरीदे गए आभूषण बरामद किए। इसके अलावा हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, मैस्ट्रो एज स्कूटी, सात मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, फ्यूल पेपर, पारदर्शी पन्नियां, दो लेडीज पर्स और तीन बाजारू थैले भी जब्त किए गए।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान आरफीन खां, मोहम्मद आदिल, जैनब परवीन, अलीशा तथा दिलनवाज अंसारी के रूप में हुई है। इनमें अधिकांश आरोपी मूल रूप से बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के निवासी हैं और वर्तमान में सितारगंज के वलीनगर क्षेत्र में रह रहे थे।
पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ कोतवाली सितारगंज में मुकदमा संख्या 380/2026 के तहत धारा 8/21/60 एनडीपीएस अधिनियम में मामला दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, एसएसआई जावेद मलिक, एसआई बबीता टम्टा सहित सितारगंज पुलिस की टीम शामिल रही।







