रुद्रपुर में तीसरी राज्य पैरा बैडमिंटन चैंपियनशिप का शुभारंभ

रुद्रपुर में तीसरी उत्तराखंड राज्य पैरा बैडमिंटन चैंपियनशिप का शुभारंभ

सीमित संसाधनों के बावजूद पैरा खिलाड़ियों का जज्बा बना प्रेरणा  –  भारत भूषण चुघ

रुद्रपुर। राज्य के पैरा बैडमिंटन खिलाड़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर के रूप में तीसरी उत्तराखंड राज्य पैरा बैडमिंटन चैंपियनशिप–2026 एवं राष्ट्रीय चयन ट्रायल का शुभारंभ शुक्रवार को मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन समाजसेवी मोहन गोयल, जे.बी. सिंह तथा डिसएबल स्पोर्टिंग समिति के प्रदेश अध्यक्ष भारत भूषण चुघ ने संयुक्त रूप से रिबन काटकर किया।

प्रतियोगिता का आयोजन पैरालंपिक एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड तथा सहयोगी संस्था डिसेबल्ड स्पोर्टिंग सोसायटी उत्तराखंड के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। उद्घाटन अवसर पर वक्ताओं ने पैरा खिलाड़ियों को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए उनके संघर्ष, अनुशासन और आत्मविश्वास की सराहना की।

आयोजन समिति के अध्यक्ष भारत भूषण चुघ ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद पैरा खिलाड़ियों का जज्बा समाज के लिए प्रेरणादायक है। प्रतियोगिता संयोजक हरीश चौधरी ने कहा कि यह आयोजन समावेशी खेल संस्कृति को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

इस चैंपियनशिप एवं चयन ट्रायल के माध्यम से चयनित खिलाड़ी 6 से 10 मार्च 2026 तक तेलंगाना में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन चैंपियनशिप में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता में राज्य के साथ-साथ राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जिससे मुकाबले रोमांचक हो गए हैं।

चयन ट्रायल के दौरान विशेषज्ञ चयन समिति खिलाड़ियों की तकनीक, फिटनेस, रणनीति, कोर्ट मूवमेंट तथा समग्र प्रदर्शन का मूल्यांकन कर रही है, ताकि राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों का निष्पक्ष चयन सुनिश्चित किया जा सके।

इस अवसर पर अमिता, एनआईएस कोच एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी प्रेम कुमार, संदीप चौधरी, शरद जोशी, गोविंद परिहार, रघुनाथ विश्वास, प्रेम विश्वास, अक्षत रुहेला, कमल हसन, शुभेंदु मन्ना, अनिकेत, विनोद रावत, नवनीत पैन्यूली सहित अनेक खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

यह प्रतियोगिता उत्तराखंड में पैरा खेलों के विकास, प्रतिभाओं को निखारने तथा खिलाड़ियों को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement