ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में बढ़ते अपराधों से दहशत, कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी

ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में बढ़ते अपराधों से दहशत, कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी

रुद्रपुर, 28 फरवरी 2026 (स्पेशल रिपोर्ट)। शहर के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं ने स्थानीय लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। क्षेत्र में चेन स्नैचिंग, मारपीट, महिलाओं को धमकाने तथा जातिसूचक टिप्पणियों जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे लोगों में आक्रोश व्याप्त है।

विगत रात्रि वार्ड नंबर 7 आजादनगर में एक गंभीर घटना सामने आई। आरोप है कि पूर्व में चेन स्नैचिंग के मामलों में नामजद अंकित पुत्र सुरेश कुमार एवं उसके साथियों ने बंगाली समुदाय से जुड़ी एक युवती और उसके परिजनों के साथ मारपीट की। पीड़ित पक्ष का कहना है कि युवती को जबरन उठा ले जाने तथा दुष्कर्म की धमकी दी गई। साथ ही समुदाय विशेष को लेकर आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया। घटना में कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि समय रहते कड़ी कार्रवाई न होने से असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं।

घटना की जानकारी मिलने पर बंगाली समाज के प्रतिनिधि सुब्रत कुमार विश्वास ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने प्रशासन से तत्काल और कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो एसपी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

इधर, क्षेत्रीय निवासियों का कहना है कि बढ़ती घटनाओं के कारण महिलाएं और बुजुर्ग स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। रात के समय लोगों ने घरों से निकलना कम कर दिया है।

मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस द्वारा मुख्य आरोपी की तलाश की जा रही है। वहीं, विभिन्न सामाजिक संगठनों ने क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की

Advertisement
Advertisement
Advertisement