*बारावफात और रक्षाबंधन को लेकर पुलिस अलर्ट, एसएसपी ने दिए कड़े सुरक्षा निर्देश*
*संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई*
रुद्रपुर। आगामी बारावफात (ईद-ए-मिलादुन्नबी) एवं रक्षाबंधन पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए ऊधमसिंहनगर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने जिले के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं चौकी प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
एसएसपी ने कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अराजकता, अफवाह फैलाने, सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने अथवा शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां पर्याप्त पुलिस बल, पीएसी और होमगार्ड तैनात किए जाएंगे। प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त के साथ फ्लैग मार्च भी किया जाएगा।
बारावफात के जुलूस को लेकर थाना प्रभारियों को निर्धारित मार्गों का पूर्व में स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। जुलूस के पारंपरिक मार्ग और निर्धारित कार्यक्रम में बिना अनुमति किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया जाएगा। प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी जाएगी।
रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए बाजारों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सहित अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। महिलाओं के साथ अभद्रता अथवा छेड़छाड़ करने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी और उनके खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट और अफवाह फैलाने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों एवं शांति समिति के सदस्यों के साथ लगातार संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए। किसी भी छोटी घटना या विवाद की सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई और विवाद का निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया है।
त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यकतानुसार रूट डायवर्जन और पार्किंग की व्यवस्था भी की जाएगी। यातायात पुलिस एवं थाना पुलिस को प्रमुख मार्गों और बाजार क्षेत्रों में जाम की स्थिति उत्पन्न न होने देने के निर्देश दिए गए हैं।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि त्योहार आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के प्रतीक हैं। आमजन सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार मनाएं, इसके लिए ऊधमसिंहनगर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। कानून-व्यवस्था बिगाड़ने, अफवाह फैलाने या माहौल खराब करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त एवं प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











