पार्ले कंपनी में एसएसपी अजय गणपति ने चलाया जागरूकता अभियान, नशा, साइबर अपराध और यातायात नियमों पर किया जागरूक

Spread the love

पार्ले कंपनी में एसएसपी अजय गणपति ने चलाया जागरूकता अभियान, नशा, साइबर अपराध और यातायात नियमों पर किया जागरूक

रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने सोमवार को सिडकुल स्थित पार्ले कंपनी में विभिन्न उद्योगों से आए प्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों के लिए विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में नशा मुक्ति, साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग तथा सड़क सुरक्षा के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उन्हें नशे तथा गलत संगत से दूर रहकर अनुशासित एवं जागरूक जीवन अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि नशे की लत व्यक्ति, परिवार और समाज को नुकसान पहुंचाती है। ऐसे में यदि किसी व्यक्ति के नशे की चपेट में होने की जानकारी मिले तो उसे सुधारने का प्रयास करें तथा आवश्यक होने पर पुलिस अथवा नशा मुक्ति सेवाओं की सहायता लें।

साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए एसएसपी ने कर्मचारियों को डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन जॉब फ्रॉड, लॉटरी स्कैम, केवाईसी अपडेट के नाम पर ठगी, सोशल मीडिया हैकिंग तथा फर्जी लिंक एवं क्यूआर कोड के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जागरूकता और सतर्कता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने लोगों से किसी भी संदिग्ध कॉल, संदेश अथवा लिंक पर विश्वास न करने तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा साइबर क्राइम पोर्टल पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने की अपील की।

सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग पर जोर देते हुए उन्होंने निजी जानकारी और तस्वीरें अनावश्यक रूप से साझा न करने तथा सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग करने की सलाह दी।

कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की जानकारी भी दी गई। कर्मचारियों को हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के प्रयोग से होने वाले खतरों तथा ओवरस्पीडिंग के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया गया। एसएसपी ने कहा कि सड़क पर अनुशासन ही जीवन की सुरक्षा का आधार है।

इस अवसर पर कर्मचारियों को साइबर हेल्पलाइन 1930, पुलिस हेल्पलाइन 112, महिला हेल्पलाइन 1090 तथा बाल हेल्पलाइन 1098 की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम में सिडकुल वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष दुर्गेश मोहन, विनय डबराल, पूर्व अध्यक्ष कृष्णा सत्यवाली, परमेश्वर शर्मा तथा रितनेश चौहान सहित विभिन्न उद्योगों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने इस प्रकार के जन-जागरूकता अभियानों के आयोजन के लिए पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि ऊधमसिंहनगर पुलिस का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को नशे से दूर रखना, साइबर अपराधों के प्रति जागरूक बनाना और यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करना है, ताकि सुरक्षित और जिम्मेदार समाज का निर्माण किया जा सके।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *