*सितारगंज में 17.15 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार*
*नकदी, बाइक और तीन मोबाइल फोन बरामद; ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस की कार्रवाई*
सितारगंज। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन प्रहार के तहत सितारगंज कोतवाली पुलिस ने स्मैक की तस्करी और बिक्री के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 17.15 ग्राम स्मैक, 8,200 रुपये की नकदी, पल्सर बाइक और तीन मोबाइल फोन समेत अन्य सामग्री बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देश पर चलाए जा रहे चेकिंग एवं सत्यापन अभियान के दौरान पुलिस टीम ग्राम नकुलिया क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे पल्सर बाइक पर बैठे कुलदीप सिंह (32) निवासी ग्राम नकुलिया के आसपास कुछ युवक दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही युवक मौके से फरार हो गए, जबकि कुलदीप बाइक मोड़कर घर की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे आंगन के बाहर दबोच लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 17.15 ग्राम स्मैक, 8,200 रुपये नकद, पल्सर बाइक संख्या UK06BM5190 और तीन मोबाइल फोन बरामद हुए। बरामद मोबाइल फोन में Vivo, Samsung Galaxy और iPhone 13 शामिल हैं। इसके अलावा 50 कागज के टुकड़े, छह फ्यूल पेपर और 15 पारदर्शी पन्नियां भी पुलिस ने बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, बरामद नकदी स्मैक की बिक्री से अर्जित की गई थी। मामले में कोतवाली सितारगंज में एफआईआर संख्या 406/2026, धारा 8/21/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक जावेद मलिक, उपनिरीक्षक कैलाश देव, हेड कांस्टेबल मतलूब खान, टीएस मरतोलिया, कांस्टेबल प्रेम कनवाल, अशोक बोरा और ज्योति शर्मा शामिल रहे।










