भारतीय वायु सेना में चयनित मेघा सिंह का सम्मान
रुद्रपुर। भारतीय वायु सेना की चयन प्रक्रिया में देशभर में तीसरी एवं उत्तराखंड में प्रथम रैंक प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाली मेघा सिंह को पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने सम्मानित किया। उन्होंने ईश्वर कॉलोनी स्थित मेघा सिंह के आवास पहुंचकर उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा गणेश प्रतिमा भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर ठुकराल ने कहा कि मेघा सिंह की उपलब्धि रुद्रपुर, ऊधमसिंहनगर जनपद और पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर तीसरी तथा राज्य में प्रथम रैंक हासिल करना उनकी मेहनत, लगन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और उसे पाने के लिए पूरी निष्ठा से प्रयास किए जाएं तो सफलता अवश्य मिलती है।
ठुकराल ने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और मेघा सिंह की सफलता युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने मेघा के माता-पिता को भी बधाई देते हुए कहा कि बच्चों की सफलता में परिवार के संस्कार, त्याग और सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
मेघा सिंह के पिता प्रताप सिंह केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में निरीक्षक पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता साधना सिंह गृहिणी हैं। परिवार ने मेघा की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे वर्षों की मेहनत और संघर्ष का प्रतिफल बताया।
मेघा सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और परिवार के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और निरंतर परिश्रम ही सफलता की कुंजी है। साथ ही युवाओं से सकारात्मक सोच और कठिन परिश्रम के साथ अपने सपनों को साकार करने का आह्वान किया।







