तिरंगा यात्रा में गूंजा भारत माता की जय का जयघोष, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने किया शुभारंभ
किच्छा, 14 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल की ओर से शुक्रवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। आवास विकास से पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने तिरंगा लहराकर यात्रा का शुभारंभ किया। यात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए महाराणा प्रताप चौक पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।
तिरंगा यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं, युवाओं और राष्ट्रभक्त नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए लोगों के बीच पूरे मार्ग में ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष गूंजते रहे। इससे पूरा नगर देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि तिरंगा देश की पहचान के साथ-साथ भारत की एकता, अखंडता, त्याग और गौरव का प्रतीक है। प्रत्येक भारतीय के हृदय में राष्ट्रप्रेम की भावना सदैव जीवित रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश नई ऊर्जा और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है तथा ‘हर घर तिरंगा’ जैसे अभियान राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के बलिदान के कारण देशवासी आज स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। उनके त्याग को स्मरण करते हुए प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति में अपना योगदान देना चाहिए।
यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। नगर के विभिन्न मार्ग देशभक्ति के नारों से गूंजते रहे।
इस दौरान मंडल अध्यक्ष गोल्डी गोराया, मनमोहन सक्सेना, संदीप अरोड़ा, मुकेश कोली, जितेंद्र गौतम, मयंक तिवारी, कविता मान, शशि शुक्ला, पिंकी डिमरी, दया दसीला, मधु गुप्ता, करुणा तिवारी, संध्या जहां, सैयद इफ्तार मियां, विशाल गुप्ता, केतन कालरा, संदीप, राकेश गुप्ता, देवेंद्र शर्मा, पूरन भट, प्रकाश पंत, हरीश गंगवार, चंदन जायसवाल, विपिन जोशी, इमरान अहमद, प्रवीण सेन, धनीराम, मूलचंद राठौर, कुलदीप बग्गा, भोपाल सिंह रावत, शुभाशीष, राजकुमार, मुकेश, मिथुन मंडल, चेतन गंगवार समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।










