*राइस मिलर्स एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी गठित, मांगें पूरी न होने पर धान खरीद से बाहर रहने की चेतावनी*

Spread the love

*राइस मिलर्स एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी गठित, मांगें पूरी न होने पर धान खरीद से बाहर रहने की चेतावनी*

रुद्रपुर। उत्तराखंड प्रदेश राइस मिलर्स एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का गठन शनिवार को रुद्रपुर के होटल आर्क में सर्वसम्मति से किया गया। चुनाव अधिकारियों की देखरेख में हुए चुनाव में सत्यवान गर्ग को प्रदेश अध्यक्ष, गगन गर्ग को महामंत्री, विकास छाबड़ा को कोषाध्यक्ष, जितेंद्र सिंगला व हनी अरोड़ा को उपाध्यक्ष तथा रजत अरोड़ा को मंत्री चुना गया।

बैठक में आगामी धान खरीद सत्र 2026-27 को लेकर मिलर्स की विभिन्न समस्याओं और मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई। मिलर्स ने बताया कि वर्ष 2025-26 का करीब डेढ़ लाख टन चावल अभी भी उनके गोदामों में पड़ा हुआ है। वहीं, 15 सितंबर की अंतिम तिथि नजदीक है। चावल का उठान नहीं होने से गोदाम खाली नहीं हो पा रहे हैं, जिसके चलते आगामी धान खरीद प्रभावित होने की आशंका है।

नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष सत्यवान गर्ग ने कहा कि यदि 15 सितंबर तक लंबित चावल का उठान नहीं किया गया और किसी मिलर के खिलाफ कार्रवाई अथवा ब्लैकलिस्ट करने की स्थिति बनती है तो इसकी जिम्मेदारी खाद्य विभाग की होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी स्थिति में मिलर्स वर्ष 2026-27 की धान खरीद प्रक्रिया में भाग नहीं लेंगे।

एसोसिएशन ने पिछले वर्षों के करीब 500 करोड़ रुपये के लंबित भुगतान को तत्काल जारी करने की मांग की। इसके अलावा छत्तीसगढ़ की तर्ज पर उत्तराखंड में मिलिंग चार्ज बढ़ाकर 80 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने तथा आगामी सत्र में प्रस्तावित भारी बैंक गारंटी को समाप्त करने की मांग भी उठाई गई।

मिलर्स ने कहा कि उनकी समस्याओं का समय रहते समाधान नहीं हुआ तो वे आगामी धान खरीद के लिए रजिस्ट्रेशन नहीं कराएंगे और खरीद प्रक्रिया से बाहर रहेंगे। मांगों को लेकर एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही देहरादून पहुंचकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात करेगा और समस्याओं के समाधान की मांग रखेगा।

चुनाव अधिकारी धर्मचंद खेड़ा, शिवकुमार मित्तल, कैलाश अग्रवाल और संजीव खन्ना की देखरेख में चुनाव संपन्न हुआ। बैठक में पूर्व अध्यक्ष सचिन गोयल, अजय बंसल, पंकज बंगा, निकेश अग्रवाल, मंदीप सिंह, राजीव अग्रवाल, रोहतास अग्रवाल, ईश्वर बंसल, संजय गोयल, सुरेश अग्रवाल, हरप्रीत सिंह, सुरेश सिंघल, शरद यादव, राजेंद्र गुप्ता, गोविंद गोयल, हिमांशु अरोड़ा, अनिल नारंग, श्याम अग्रवाल, सुमित श्यामपुरिया और अमित जिंदल समेत कई पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *