*मां मनसा देवी पूजा महोत्सव में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, ठुकराल ने की पूजा-अर्चना*
रुद्रपुर। ठाकुरनगर वार्ड नंबर दस स्थित सार्वजनिक श्री श्री मां मनसा देवी मंदिर में आयोजित श्री श्री मां मनसा देवी पूजा महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। महोत्सव में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की और मां मनसा देवी से क्षेत्रवासियों सहित सभी के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। इस दौरान पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में नजर आया। आयोजन समिति की ओर से पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल का स्वागत करते हुए उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। महोत्सव के दौरान विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि धार्मिक आयोजन हमारी आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं का अभिन्न हिस्सा हैं। ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और सद्भाव को मजबूती मिलती है। उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर कमेटी अध्यक्ष उमाशंकर मंडल, महामंत्री रोहित सरकार, जगदीश दास, जय तरफदार, ज्योतिन साना, राम कुमार गुप्ता, जीत बाछाड़, अविनाश, विजय विश्वास, केरू मंडल, दीपांकर मंडल, आशुतोष विश्वास सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।











