*महापौर विकास शर्मा की क्षत्रीय समाज को बड़ी सौगात, कई मांगों पर लगी मुहर*
*रिंग रोड का नाम महाराणा प्रताप के नाम पर रखने का प्रस्ताव जाएगा शासन को, कम्युनिटी हॉल और महाराणा प्रताप चौक की भी घोषणा*
रुद्रपुर। अखिल भारतीय क्षत्रीय महासभा की प्रमुख मांगों पर महापौर विकास शर्मा ने गुरुवार को महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए क्षत्रीय समाज को बड़ी सौगात दी। उन्होंने नवनिर्मित रिंग रोड का नाम महाराणा प्रताप के नाम पर रखने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने, गंगापुर रोड स्थित दक्ष चौक का नाम बदलकर ‘महाराणा प्रताप चौक’ करने तथा क्षत्रीय समाज के लिए आधुनिक सामुदायिक भवन (कम्युनिटी हॉल) के निर्माण की घोषणा की।
गुरुवार को महासभा के प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौहान के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने महापौर से मुलाकात कर विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि नगर में विभिन्न समाजों के लिए सामुदायिक भवन उपलब्ध हैं, लेकिन क्षत्रीय समाज के लिए अब तक ऐसी कोई व्यवस्था नहीं है। उन्होंने नगर निगम से भूमि उपलब्ध कराकर सामुदायिक भवन निर्माण कराने की मांग उठाई, ताकि सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षिक गतिविधियों का संचालन सुचारु रूप से हो सके।
प्रतिनिधिमंडल ने नगर के प्रमुख मार्गों और चौराहों का नामकरण राष्ट्रनायकों एवं वीर महापुरुषों के नाम पर किए जाने की भी मांग रखी। उनका कहना था कि इससे नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास और महान व्यक्तित्वों से प्रेरणा मिलेगी।
महापौर विकास शर्मा ने मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि नवनिर्मित रिंग रोड का नाम महाराणा प्रताप के नाम पर रखने के लिए शीघ्र ही मुख्यमंत्री को प्रस्ताव भेजा जाएगा। उन्होंने गंगापुर रोड स्थित दक्ष चौक का नाम बदलकर महाराणा प्रताप चौक करने और क्षत्रीय समाज के लिए आधुनिक कम्युनिटी हॉल का निर्माण कराने की भी घोषणा की।
उन्होंने कहा कि नगर निगम सभी समाजों के सम्मान और विकास के लिए समान भाव से कार्य कर रहा है। जिस प्रकार पंजाबी, बंगाली, पूर्वांचल और ब्राह्मण समाज के लिए सामुदायिक भवनों की घोषणा की गई है, उसी प्रकार क्षत्रीय समाज के लिए भी यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
महापौर ने कहा कि रुद्रपुर सामाजिक समरसता और कौमी एकता का प्रतीक है। सभी समाजों को साथ लेकर शहर का विकास करना नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि क्षत्रीय समाज का राष्ट्र निर्माण, संस्कृति और देश की रक्षा में ऐतिहासिक योगदान रहा है और समाज के सम्मान से जुड़े हर विषय पर नगर निगम संवेदनशीलता के साथ कार्य करेगा।
महापौर की घोषणाओं पर अखिल भारतीय क्षत्रीय महासभा के पदाधिकारियों ने उनका आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन निर्णयों से समाज की लंबे समय से लंबित प्रमुख मांगों को नई दिशा मिलेगी।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौहान, जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह जादौन, रघुराज सिंह, दिलीप सिंह सहित महासभा के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।







