*एसएसपी अजय गणपति का देर रात औचक निरीक्षण, 9 पुलिसकर्मी निलंबित*
रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने मंगलवार देर रात हाईवे पर स्थापित पुलिस चेकिंग प्वाइंटों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ड्यूटी में लापरवाही मिलने पर नौ पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया, जबकि चार अन्य से स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
पुलिस के अनुसार 4/5 अगस्त की रात कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि पंतनगर क्षेत्र में सफेद रंग की स्कॉर्पियो सवार कुछ युवकों ने एक व्यक्ति पर फायरिंग की है और वाहन काशीपुर की ओर जाता देखा गया है। सूचना के बाद कंट्रोल रूम से थाना पंतनगर समेत रुद्रपुर से जसपुर बॉर्डर तक सभी थाना प्रभारियों को हाईवे पर सघन चेकिंग और नाकाबंदी के निर्देश दिए गए।
इसी बीच एसएसपी अजय गणपति रात करीब 12 बजे निजी वाहन से स्वयं विभिन्न चेकिंग प्वाइंटों का निरीक्षण करने निकल पड़े। निरीक्षण के दौरान महतोष, सरकड़ी तिराहा, दोराहा और परमानन्दपुर हाईवे पर स्थापित चेकिंग प्वाइंटों पर तैनात रात्रि अधिकारी, चीता मोबाइल और गश्त दल के कई पुलिसकर्मी अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल से अनुपस्थित मिले। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ पुलिसकर्मियों ने कंट्रोल रूम और वरिष्ठ अधिकारियों को अपनी गलत लोकेशन बताई, जबकि वे निर्धारित स्थान पर मौजूद नहीं थे।
एसएसपी ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता और वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना मानते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके तहत नौ पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया, जबकि चार पुलिसकर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता अथवा आदेशों की अवहेलना किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।







