*विजयदशमी पर मीना शर्मा ने गांधी पार्क में आयोजित कार्यक्रम में की शिरकत*
*भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी का किया स्वागत, क्षेत्र की खुशहाली और भाईचारे के लिए की प्रार्थना*
रुद्रपुर। असत्य पर सत्य, बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की विजय के प्रतीक विजयदशमी पर्व पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की सदस्य एवं नगर पालिका परिषद रुद्रपुर की पूर्व अध्यक्ष मीना शर्मा गांधी पार्क में आयोजित भव्य दशहरा कार्यक्रम में शामिल हुईं। इस दौरान श्री रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों ने बैज लगाकर और राम नाम का पीत वस्त्र ओढ़ाकर उनका आत्मीय स्वागत किया। मीना शर्मा ने भव्य एवं शानदार आयोजन के लिए श्री रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों को बधाई दी।
दशहरा कार्यक्रम के उपरांत मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और वीर हनुमान सहित रामलीला के अन्य पात्र सांध्य दैनिक दर्पण समाचार पत्र के प्रधान संपादक परमजीत सुखीजा पम्मी के कल्याणी व्यू स्थित आवास पर पहुंचे। यहां सुखीजा परिवार के साथ मीना शर्मा को भी भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और वीर हनुमान जी का स्वागत करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर मीना शर्मा ने भगवान के चरण स्पर्श कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर प्रगति की कामना की। साथ ही समाज में आपसी भाईचारा, सद्भाव और सौहार्द मजबूत बने रहने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि विजयदशमी का पर्व हमें सत्य, धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।


