मोबाइल हैक कर साइबर ठगों ने बैंक खाते से उडाए 1.87 लाख 

मोबाइल हैक कर साइबर ठगों ने बैंक खाते से उडाए 1.87 लाख

 

कॉल और मैसेज फॉरवर्ड कर दिया वारदात को अंजाम

रुद्रपुर। साइबर ठगों ने तकनीक का सहारा लेकर एक युवक का मोबाइल फोन हैक कर लिया और उसके बैंक खाते से 1-87 लाख रुपये की नकदी साफ कर दी। पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन, कुमायूं परिक्षेत्र में दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।डॉक्टर कॉलोनी, सिविल लाइंस निवासी सोनू रस्तोगी पुत्र सुरेश चंद्र ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह वाहेगुरु डायग्नोस्टिक सेंटर में कार्यरत हैं। बीती 03 जनवरी को दोपहर करीब 12 बजे से उनका मोबाइल फोन अचानक हैंग होने लगा। इसी बीच दोपहर करीब 3ः45 बजे उनके मोबाइल पर दो अज्ञात नंबरों (06289472081 व 07858943044) से कॉल आई। जब उन्होंने कॉल रिसीव की, तो दूसरी ओर से कोई जवाब नहीं मिला।सोनू ने जब अपना फोन चेक किया तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उनके मोबाइल की कॉल, मैसेज और वीडियो कॉल एक अज्ञात नंबर पर फॉरवर्ड कर दी गई थी। इसी दौरान उनके मोबाइल पर एचडीएफसी बैंक खाते से पैसे कटने के लगातार चार मैसेज प्राप्त हुए। साइबर ठगों ने उनके खाते से अनधिकृत रूप से 49-49 हजार के तीन और 40 हजार रुपये का एक ट्रांजैक्शन कर कुल 1,87,000 रुपये निकाल लिए।पीड़ित ने घटना के तुरंत बाद साइबर क्राइम पोर्टल पर भी अपनी शिकायत दर्ज कराई। सोनू रस्तोगी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा कंप्यूटर संसाधनों का प्रयोग कर मोबाइल का अनधिकृत एक्सेस लिया गया और ओटीपी व मैसेज फॉरवर्ड कर धोखाधड़ी की गई। पुलिस अब उन नंबरों और बैंक ट्रांजैक्शन के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement