*80वें स्वतंत्रता दिवस पर एसएसपी ने किया ध्वजारोहण, शहीदों को किया नमन*

Spread the love

*80वें स्वतंत्रता दिवस पर एसएसपी ने किया ध्वजारोहण, शहीदों को किया नमन*

रुद्रपुर। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को रिजर्व पुलिस लाइन रुद्रपुर में गरिमापूर्ण समारोह आयोजित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद ‘वंदे मातरम’ और राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ की गूंज से पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया।

इस अवसर पर एसएसपी अजय गणपति ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों और वीर सेनानियों के अदम्य साहस, त्याग एवं बलिदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता, संप्रभुता एवं सुरक्षा की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प दिलाया।

एसएसपी ने पुलिस परिवार एवं जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की आजादी असंख्य वीरों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। पुलिस बल का दायित्व है कि वह निष्पक्षता, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ जनता की सेवा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करे। उन्होंने पुलिसकर्मियों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए पूरी तत्परता से कार्य करने का आह्वान किया।

सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिसकर्मी सम्मानित

समारोह में विशिष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक तथा पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क प्राप्त करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के नामों की घोषणा की गई। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन किया गया।

थानों और चौकियों में भी फहराया तिरंगा

स्वतंत्रता दिवस पर जनपद के सभी थानों, चौकियों, पुलिस कार्यालयों एवं फायर स्टेशनों में संबंधित प्रभारियों और अधिकारियों ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। पुलिसकर्मियों ने राष्ट्रसेवा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा से निर्वहन करने का संकल्प लिया।

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण

इस अवसर पर एसएसपी अजय गणपति ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने हरित एवं सुरक्षित भविष्य के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।

समारोह में पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर, पुलिस उपाधीक्षक रुद्रपुर, पुलिस उपाधीक्षक पंतनगर, पुलिस उपाधीक्षक सितारगंज, प्रतिसार निरीक्षक समेत जनपद के विभिन्न पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *