*बच्चों के सपनों में दिखा विकसित भारत का संकल्प*
*सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता व चित्रकला प्रदर्शनी आयोजित*
रुद्रपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को काशीपुर रोड स्थित एमेनिटी स्कूल में ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता और चित्रकला प्रदर्शनी आयोजित की गई, जिसमें जिलेभर से पहुंचे सैकड़ों बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
बच्चों ने अपने भाषणों और चित्रों के माध्यम से विकसित भारत, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, विज्ञान, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण की कल्पना को प्रस्तुत किया। चित्रों में स्वच्छ एवं सुंदर शहर, हरित पर्यावरण, आधुनिक तकनीक, अंतरिक्ष विज्ञान और आत्मनिर्भर भारत की तस्वीर दिखाई दी। वहीं भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने देश के भविष्य को लेकर अपने विचार आत्मविश्वास के साथ रखे।
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट ने कहा कि देश का भविष्य नई पीढ़ी के सपनों और सामर्थ्य पर निर्भर है। बच्चों को अपनी प्रतिभा और विचारों को सामने रखने के लिए मंच उपलब्ध कराना जरूरी है। ऐसे आयोजन उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका समझने का अवसर देते हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। बच्चों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें उचित दिशा और अवसर देना समाज की जिम्मेदारी है।
विधायक शिव अरोड़ा ने कहा कि बच्चों को अपने सपनों को लक्ष्य में बदलने के लिए मेहनत, अनुशासन और निरंतर सीखने की आदत विकसित करनी चाहिए। शिक्षित, संस्कारी, आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक ही देश की सबसे बड़ी ताकत हैं।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि शहर और राष्ट्र की प्रगति का आधार नई पीढ़ी है। बच्चों को शिक्षा के साथ खेल, कला, विज्ञान और अन्य रचनात्मक क्षेत्रों में आगे बढ़ने के अवसर मिलना जरूरी है। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर के बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है और उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, वरिष्ठ नेता सुरेश कोली, जिला मंत्री प्रमोद मित्तल, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष राजेश बजाज, सांसद प्रतिनिधि कपिल शर्मा, जिला उपाध्यक्ष राकेश सिंह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख विपिन जालहोत्रा, दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता, महामंत्री तरुण दत्ता, कोषाध्यक्ष रोशन अरोड़ा, हरीश भट्ट, सुदर्शन मंडल, आयुष चिलाना, दिलजोत बाजबा, नितिन ठाकुर, उमेश सिंह, जितेंद्र चौहान, रोहित सिंह तोमर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम में बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी रचनात्मकता और प्रतिभा की सराहना की गई। आयोजन के माध्यम से बच्चों ने अपनी कल्पनाओं को मंच देने के साथ भविष्य के भारत की तस्वीर भी प्रस्तुत की।


