*सामाजिक सौहार्द संकल्प धरने में भाजपाइयों ने कांग्रेस पर साधा निशाना* *भारत भूषण चुघ बोले—वोट बैंक की राजनीति के लिए दलित समाज को गुमराह कर रही कांग्रेस*

*सामाजिक सौहार्द संकल्प धरने में भाजपाइयों ने कांग्रेस पर साधा निशाना*

*भारत भूषण चुघ बोले—वोट बैंक की राजनीति के लिए दलित समाज को गुमराह कर रही कांग्रेस*
रुद्रपुर। सामाजिक सौहार्द, सामाजिक समरसता और समानता के संकल्प को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सोमवार को वार्ड नंबर 21 स्थित श्रीरामलीला मैदान, भूत बंगला में धरना शुरू किया। इस दौरान भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर दलित समाज को वोट बैंक की राजनीति के लिए गुमराह करने और समाज में विद्वेष फैलाने का आरोप लगाया।
धरने को संबोधित करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता भारत भूषण चुघ ने कहा कि आठ अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद मैदान में गंदगी का ढेर लग गया था। इसके बाद सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों से जुड़े लोगों ने वहां साफ-सफाई कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सफाई के इस मामले को राजनीतिक मुद्दा बनाकर दलित समाज से जोड़ने का प्रयास किया।
चुघ ने कहा कि भाजपा सदैव दलित समाज के उत्थान और हितों के लिए काम करती रही है। केंद्र और राज्य सरकार द्वारा दलित समाज के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर से जुड़े प्रमुख स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया गया है। इनमें मध्य प्रदेश का महू, महाराष्ट्र का नागपुर, नई दिल्ली की महापरिनिर्वाण भूमि, मुंबई की चैत्य भूमि और लंदन की शिक्षा भूमि शामिल हैं। इसके अलावा नई दिल्ली में डॉ. आंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर का भी निर्माण कराया गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल वोट बैंक की राजनीति के लिए दलित समाज को गुमराह करने का प्रयास कर रही है, जबकि समाज के लोग उसकी राजनीति को समझ चुके हैं। चुघ ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में दलित समाज को अपेक्षित सम्मान नहीं मिला, जबकि भाजपा के शासन में दलित समाज को सामाजिक और राजनीतिक रूप से आगे बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हल्द्वानी में दलित समाज से जुड़े लोगों ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की ओर से समाज में विद्वेष और नफरत फैलाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसका जवाब जनता आने वाले समय में देगी।
चुघ ने कहा कि भाजपा दलित समाज सहित सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ने और विकास के नए आयाम स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है। धरने को संबोधित करने वाले अन्य भाजपा नेताओं ने भी कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और उस पर दलित समाज के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
इस दौरान दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता, अनिल चौहान, नीलकंठ राणा, हीरामन ढाली, वजीर सिंह सहित भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Advertisement
Advertisement
Advertisement