*प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को मिलेगी मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग*
*प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को मिलेगी मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग* *मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना का शुभारंभ, घर बैठे विशेषज्ञ मार्गदर्शन और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री होगी उपलब्ध*
*मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना का शुभारंभ, घर बैठे विशेषज्ञ मार्गदर्शन और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री होगी उपलब्ध*
देहरादून। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे उत्तराखंड के युवाओं के लिए धामी सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना का शुभारंभ किया। योजना के तहत प्रदेश के युवाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग के साथ गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री और विशेषज्ञ मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
योजना का उद्देश्य आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण किसी प्रतिभाशाली युवा की तैयारी प्रभावित न होने देना है। इसके तहत राज्य के विश्वविद्यालयों तथा शासकीय एवं सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की ऑनलाइन तैयारी का अवसर मिलेगा।
योजना में संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी), उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी), रक्षा सेवाओं, बैंकिंग, रेलवे और कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं को शामिल किया गया है। इसके अलावा एटी, एमएटी, गैट, सीएसआर और नीट जैसी उच्च शिक्षा एवं पात्रता परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी विद्यार्थियों को मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि युवाओं के सपनों को उड़ान देने और उनके भविष्य को मजबूत बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। प्रदेश के युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित अवसर और सही दिशा देने की है। योजना के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर संसाधन, विशेषज्ञ मार्गदर्शन और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
पर्वतीय क्षेत्रों के युवाओं को विशेष लाभ
योजना का लाभ विशेष रूप से पर्वतीय और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले युवाओं को मिलने की उम्मीद है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए देहरादून और हल्द्वानी जैसे शहरों का रुख करने वाले विद्यार्थियों को अब घर बैठे ऑनलाइन कोचिंग का अवसर मिलेगा। इससे कोचिंग फीस, कमरे का किराया और आने-जाने के खर्च का आर्थिक बोझ कम होगा। महंगी कोचिंग का खर्च वहन करने में असमर्थ परिवारों के विद्यार्थियों को इससे विशेष राहत मिलने की संभावना है।
सरकार के अनुसार योजना का उद्देश्य केवल सरकारी नौकरियों की तैयारी तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न प्रतियोगी एवं पात्रता परीक्षाओं के लिए सक्षम बनाना भी है। गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री और विशेषज्ञों के मार्गदर्शन के जरिए विद्यार्थियों की तैयारी को बेहतर बनाने पर जोर दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सही संसाधन और मार्गदर्शन मिलने पर उत्तराखंड के युवा देश की प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। योजना के माध्यम से शहर और गांव के बीच शैक्षणिक संसाधनों की दूरी कम करने तथा प्रदेश के हर क्षेत्र के प्रतिभाशाली युवाओं को आगे बढ़ने का समान अवसर देने का प्रयास किया जा रहा है।


