*जेसीज पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस* *विकसित भारत के निर्माण में विद्यार्थी निभाएंगे अहम भूमिका: प्रकाश चंद्र जोशी*

Spread the love

जेसीज पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

अनुशासन, संस्कार और देशभक्ति का संदेश दे गया जेसीज स्कूल का स्वतंत्रता दिवस समारोह

जेसीज स्कूल में स्वतंत्रता दिवस की धूम, कैडेट्स की ड्रिल और योग-स्केटिंग ने जीता दिल

जेसीज स्कूल में स्वतंत्रता दिवस पर ‘केम ऑल अलॉन्ग’ पुस्तक का विमोचन

जेसीज स्कूल में तिरंगा फहराकर लिया राष्ट्र निर्माण का संकल्प, मेधावी विद्यार्थी हुए सम्मानित

 

रुद्रपुर। जेसीज पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति और उत्साह से ओतप्रोत वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। समारोह में विद्यालय के पूर्व विद्यार्थी एवं राजकीय मेडिकल कॉलेज, रुद्रपुर की डॉ. सृजन श्रीवास्तव तथा नेस्ले इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में चार्टर्ड अकाउंटेंट गर्वित छाबड़ा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों ने विद्यालय प्रबंधन समिति के महासचिव सुरजीत सिंह ग्रोवर तथा निदेशक एवं प्रधानाचार्य के साथ ध्वजारोहण किया।

प्रधानाचार्य प्रकाश चंद्र जोशी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देश और समाज के प्रति अपने दायित्वों का ईमानदारी व निष्ठा से निर्वहन करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। लोकतंत्र की रक्षा सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में आज के विद्यार्थी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इसके लिए शिक्षकों और अभिभावकों को बच्चों को आधुनिक तकनीक के साथ संस्कारों से भी जोड़ना होगा।

पूर्व छात्रा डॉ. सृजन श्रीवास्तव ने अपने विद्यार्थी जीवन के अनुभव साझा करते हुए छात्रों को सफलता के लिए पढ़ाई में निरंतरता बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने विद्यार्थियों से खेलों को भी अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

विद्यालय प्रबंधन समिति के महासचिव सुरजीत सिंह ग्रोवर ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य, अकेलापन और एकाग्रता की कमी वर्तमान समय की प्रमुख चुनौतियां हैं। इनसे निपटने के लिए निरंतर प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय को अपनी उपलब्धियों पर गर्व है, लेकिन सीखने और आगे बढ़ने की प्रक्रिया निरंतर जारी रहनी चाहिए। जेसीज पब्लिक स्कूल तकनीक के साथ विद्यार्थियों को संस्कार देने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर कक्षा 12 के छात्र अंशुमन सिंह द्वारा रचित पुस्तक ‘केम ऑल अलॉन्ग’ का विमोचन भी किया गया।

समारोह में विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य और नुक्कड़ नाटक सहित देशभक्ति से ओतप्रोत विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। सक्षम और शगुन ने प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए। कैडेट्स की अनुशासित ड्रिल तथा नन्हे बच्चों के योग और स्केटिंग प्रदर्शन ने सभी का मन मोह लिया। प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अनुशासन, आत्मविश्वास और देशभक्ति का संदेश दिया।

कार्यक्रम के समापन पर विशिष्ट अतिथियों को स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया तथा विभिन्न प्रस्तुतियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। विद्यालय के निदेशक सुधांशु पंत ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।

इस दौरान प्रबंधन समिति के बच्चन सिंह, इंद्रजीत अरोरा, अंकुर मित्तल, सुरेंद्र गिरधर, सुमित कुमार सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *