*महापौर ने स्वतंत्रता दिवस पर स्वच्छ और सुरक्षित रुद्रपुर का संकल्प दोहराया* *नगर निगम समेत विभिन्न स्थानों पर महापौर विकास शर्मा ने किया ध्वजारोहण, अभिषेक वाल्मीकि को दी श्रद्धांजलि*

Spread the love

*महापौर ने स्वतंत्रता दिवस पर स्वच्छ और सुरक्षित रुद्रपुर का संकल्प दोहराया*

*नगर निगम समेत विभिन्न स्थानों पर महापौर विकास शर्मा ने किया ध्वजारोहण, अभिषेक वाल्मीकि को दी श्रद्धांजलि*

रुद्रपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर निगम सभागार में आयोजित समारोह में महापौर विकास शर्मा ने ध्वजारोहण कर शहीदों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन किया। इस दौरान नगर निगम परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। महापौर ने गांधी पार्क, लोटस वैली इंटरनेशनल स्कूल और सेंट मैरी स्कूल में भी ध्वजारोहण किया।

नगर निगम सभागार में इस बार नगर निगम की सफाई कर्मचारी के इकलौते पुत्र अभिषेक वाल्मीकि की सड़क हादसे में हुई दुखद मृत्यु के कारण कार्यक्रम सादगीपूर्ण ढंग से आयोजित किया गया। ध्वजारोहण के बाद दो मिनट का मौन रखकर अभिषेक वाल्मीकि को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इससे पूर्व गांधी पार्क में वंदेमातरम् संगठन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में भी महापौर ने ध्वजारोहण किया और अभिषेक को श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि उन महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान को स्मरण करने का दिन है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता की रक्षा करना और राष्ट्र निर्माण में योगदान देना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

महापौर ने कहा कि देश की प्रगति सरकार के प्रयासों के साथ-साथ नागरिकों की सक्रिय सहभागिता से ही संभव है। सभी को देश की एकता, अखंडता, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने के लिए मिलकर काम करना होगा।

उन्होंने कहा कि नगर निगम रुद्रपुर को स्वच्छ, सुंदर और स्मार्ट शहर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, शहर में हरियाली बढ़ाने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण के साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल भी जरूरी है।

अभिषेक वाल्मीकि की सड़क दुर्घटना में हुई मौत पर दुख व्यक्त करते हुए महापौर ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनकर वाहन चलाने का आह्वान करते हुए कहा कि थोड़ी सी सावधानी किसी परिवार को होने वाली बड़ी क्षति से बचा सकती है।

महापौर ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर सभी को रुद्रपुर को स्वच्छ रखने, पर्यावरण की रक्षा करने, यातायात नियमों का पालन करने और समाज के प्रति अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने का संकल्प लेना चाहिए। यही शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कार्यक्रम में नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी तथा पार्षद पवन राणा, मानवेंद्र, बीनू, विक्की, राजेश जग्गा, अशफाक सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *