*खरगे की जनसभा के बाद मंच शुद्धिकरण पर ठुकराल ने भाजपा को घेरा, महेंद्र भट्ट को हटाने की मांग*
रुद्रपुर। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने प्रेस वार्ता कर विभिन्न मुद्दों को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने हल्द्वानी के रामलीला मैदान में आठ अगस्त को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद मंच पर हवन-यज्ञ कर कथित रूप से शुद्धिकरण किए जाने की घटना पर कड़ी आपत्ति जताई। साथ ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट के विभिन्न बयानों को लेकर भी निशाना साधा।
ठुकराल ने कहा कि खरगे की जनसभा के बाद कुछ लोगों द्वारा रामलीला मैदान के मंच को धोकर हवन-यज्ञ के माध्यम से शुद्ध करने का प्रयास किया गया। उन्होंने इसे संकीर्ण और विकृत मानसिकता का परिचायक बताते हुए कहा कि खरगे अनुसूचित जाति वर्ग से आते हैं। ऐसे में मंच के कथित शुद्धिकरण की घटना केवल एक व्यक्ति का अपमान नहीं, बल्कि गरीब, दलित, शोषित, वंचित और पीड़ित वर्गों का अपमान है।
पूर्व विधायक ने कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज में जातिगत भेदभाव और ऊंच-नीच की सोच को बढ़ावा देती हैं। उन्होंने कहा कि खरगे का सार्वजनिक जीवन संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष को समर्पित रहा है। ठुकराल ने कहा कि सामाजिक विद्वेष और वैमनस्य को बढ़ावा देने वाली मानसिकता का समर्थन करने वाले नेताओं को अनुसूचित जाति के लोगों से वोट मांगने से पहले अपने आचरण पर विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसी सोच रखने वाले नेताओं को मलिन बस्तियों में जाकर समर्थन मांगने का भी नैतिक अधिकार नहीं होना चाहिए।
महेंद्र भट्ट के बयानों पर भी साधा निशाना
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट पर निशाना साधते हुए ठुकराल ने कहा कि उनके बयान आए दिन विवादों का कारण बनते हैं। उन्होंने उत्तराखंड की सभी राजधानियों में झंडारोहण किए जाने संबंधी कथित बयान पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश अध्यक्ष को पहले यह स्पष्ट करना चाहिए कि उत्तराखंड में कितनी राजधानियां हैं।
ठुकराल ने आरोप लगाया कि छात्र आंदोलन के दौरान भी महेंद्र भट्ट ने छात्रों के प्रति कथित तौर पर अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया था, जिससे युवाओं में नाराजगी पैदा हुई। उन्होंने नैनीताल में हुए गोलीकांड का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले जिला पंचायत और ब्लॉक प्रमुख चुनावों के दौरान गोली चलने की घटनाओं को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं की चिंता से प्रदेश अध्यक्ष को अवगत कराया गया था।
उनके अनुसार, उस समय महेंद्र भट्ट की ओर से उत्तराखंड में रोज गोलियां चलने संबंधी बयान दिया गया था। ठुकराल ने इसे गैर-जिम्मेदाराना बताते हुए कहा कि गोलीकांड जैसी घटनाओं को सामान्य बताने के बजाय उन्हें गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
ठुकराल ने कहा कि प्रदेश में राजनीतिक और सामाजिक माहौल को खराब करने वाले बयानों से सभी राजनीतिक दलों को बचना चाहिए। उन्होंने भाजपा नेतृत्व से महेंद्र भट्ट को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाने के साथ ही राज्यसभा सदस्य पद से भी हटाने की मांग की।










