*शिक्षक दिवस पर भानु प्रताप पब्लिक स्कूल में हुआ भव्य आयोजन*
*छात्रों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से शिक्षकों के प्रति जताया सम्मान, प्रबंधन ने किया सम्मानित*
बिलासपुर। शारदा नगर स्थित भानु प्रताप पब्लिक स्कूल में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास और सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, मनोरंजक गतिविधियों और भावपूर्ण संदेशों के माध्यम से शिक्षकों के प्रति अपना सम्मान एवं आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन छात्र एंकर हिमानी, कनिष्क, वैष्णवी और अवंतिका ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ शिक्षकों के स्वागत, मां सरस्वती की वंदना और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद विद्यालय के प्रधानाचार्य महेश चंद्रा ने शिक्षकों के साथ केक काटकर शिक्षक दिवस की खुशियां साझा कीं।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य महेश चंद्रा ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षण केवल एक पेशा नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण और उनके उज्ज्वल भविष्य को दिशा देने वाली जिम्मेदारी है। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों में शैक्षणिक ज्ञान के साथ नैतिक मूल्यों, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कक्षा नौ के विद्यार्थियों ने भरतनाट्यम शैली में भावपूर्ण गुरु वंदना प्रस्तुत की। इसके अलावा विद्यार्थियों ने विभिन्न नृत्य प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। कक्षा आठ के विद्यार्थियों की हास्यपूर्ण नृत्य प्रस्तुति ने शिक्षकों और दर्शकों को खूब गुदगुदाया।
शिक्षकों के मनोरंजन के लिए पहेलियों, ‘गीत पूरा करें’ और आर्म रेसलिंग जैसी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कक्षा 11 के छात्र श्रेया और सनी के नेतृत्व में आयोजित संगीत आधारित प्रतियोगिता में शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। वहीं हर्षिता और तनु की ओर से आयोजित आर्म रेसलिंग चैलेंज भी आकर्षण का केंद्र रहा।
कक्षा आठ की छात्रा अंशिका ने अपने प्रेरणादायक भाषण में विद्यार्थियों के जीवन में शिक्षकों के मार्गदर्शन के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं कक्षा नौ के विद्यार्थियों ने नाटक के माध्यम से शिक्षकों की भूमिका और सही मार्गदर्शन के महत्व का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक, कोऑर्डिनेटर एवं स्टाफ सदस्य मौजूद रहे। अंत में विद्यालय प्रबंधन की ओर से शिक्षकों को उपहार देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद जलपान की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम शिक्षकों के प्रति सम्मान, स्नेह और कृतज्ञता की भावना के साथ संपन्न हुआ।