रुद्रपुर में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, विधायक शिव अरोरा ने लिया हिस्सा
हाथों में तिरंगा लेकर सड़कों पर उमड़े युवा, भारत माता के जयकारों से गूंजा शहर
रुद्रपुर। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में चल रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बृहस्पतिवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से अग्रसेन चौक के पास से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। भाजयुमो जिलाध्यक्ष बिट्टू चौहान के नेतृत्व में आयोजित यात्रा में बड़ी संख्या में युवाओं, भाजपा कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा भी यात्रा में शामिल हुए।
इस दौरान विधायक शिव अरोरा ने कहा कि तिरंगा देश की गौरवशाली विरासत, वीर जवानों के बलिदान तथा भारत की एकता और अखंडता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशवासियों में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव प्रकट करने का आह्वान किया।
विधायक ने कहा कि देश की युवा शक्ति राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। तिरंगा यात्रा जैसे आयोजन युवाओं को स्वतंत्रता संग्राम, शहीदों के बलिदान और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों से जोड़ने का कार्य करते हैं।
भाजयुमो जिलाध्यक्ष बिट्टू चौहान ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि तिरंगे का सम्मान और देश के प्रति समर्पण प्रत्येक भारतीय का दायित्व है।
यात्रा के दौरान युवाओं ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष किए। देशभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा और शहर में राष्ट्रभक्ति का माहौल नजर आया।
इस अवसर पर जिला महामंत्री तरुण दत्ता, जिला उपाध्यक्ष अमित नारंग, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री रश्मि रास्तोगी, किसान मोर्चा प्रदेश मंत्री धीरेन्द्र मिश्रा, गजेंद्र प्रजापति, रचित सिंह, केके त्रिपाठी, जिला मंत्री प्रमोद मित्तल, रोहित गुप्ता, जीतेन्द्र संधू, मनीष गोस्वामी, राज कोली, विक्की राघव, रविंद्र धामी, सुनील सिंह, अशोक नेगी, आदेश भारद्वाज, नवजोत सिंह, मयंक माटा, मोहित कुमार, विपिन, मनीष पाल, नितिन ठाकुर, सूरज सिंह, नीलकंठ राणा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।








