पेट्रोल-डीजल व सीएनजी मूल्य वृद्धि के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, फूंका पुतला
ममता रानी के नेतृत्व में महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल
पेट्रोल-डीजल दाम बढ़ोतरी के खिलाफ ममता रानी का केंद्र पर हमला
महंगाई को लेकर ममता रानी ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना
रुद्रपुर। पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के बढ़ते दामों के विरोध में रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस महानगर अध्यक्ष ममता रानी के नेतृत्व में कार्यकर्ता भगत सिंह चौक पर एकत्रित हुए और भाजपा सरकार का पुतला फूंकते हुए जमकर नारेबाजी की।
इस दौरान महानगर अध्यक्ष ममता रानी ने कहा कि भाजपा सरकार ने लगातार महंगाई बढ़ाकर आम जनता पर आर्थिक बोझ डाल दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पांच राज्यों के चुनाव समाप्त होते ही पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के दाम बढ़ा दिए गए, जिससे आम जनमानस की कमर टूट गई है। उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पहले ही मूल्य वृद्धि की आशंका जताई थी, जिसे केंद्र सरकार ने सही साबित कर दिया।
ममता रानी ने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता के हितों के साथ खड़ी रही है, जबकि भाजपा सरकार लगातार जनहितों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर आम लोगों पर पड़ेगा और अन्य आवश्यक वस्तुएं भी महंगी होंगी।
पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि भाजपा सरकार छल-कपट की राजनीति कर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है, लेकिन अब जनता सरकार की नीतियों को भली-भांति समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष हिमांशु गाबा ने कहा कि केंद्र सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है और महंगाई के जरिए जनता को परेशान कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार केवल चुनिंदा लोगों को लाभ पहुंचाने का काम कर रही है तथा आम जनता के हितों से उसका कोई सरोकार नहीं है।
प्रदर्शन में संदीप चीमा, आनंद शर्मा, योगेश चौहान, गोपेश तिवारी, गोपाल भसीन, मानस बैरागी, पवन बिष्ट, दानवीर सिंह, सुखदेव हालदार, गब्बर कोली, राजवीर विर्क, सुनील चुघ, इंद्रजीत सिंह, सुखवंत सिंह, खेम सिंह, राजकुमार भुसरी, ललित बिष्ट, नरेश सागर, बबलू सागर, मोहन कुमार, सतनाम सिंह, सूरजपाल, विकास मलिक, सुरेश कुमार, मनोज कुमार, गौरव यादव, सुरेश यादव और रमेश सिंह समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।







