चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में आक्रोश, कोतवाल का घेराव
तीन दिन में खुलासे की मांग, अन्यथा आंदोलन की चेतावनी
रुद्रपुर। मुख्य बाजार क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर व्यापारियों में भारी रोष व्याप्त है। बुधवार को व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में व्यापारियों ने कोतवाली पहुंचकर कोतवाल का घेराव किया तथा पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। व्यापारियों ने शीघ्र खुलासे की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि तीन दिनों के भीतर चोरियों का पर्दाफाश नहीं हुआ तो आंदोलन शुरू किया जाएगा।
व्यापारियों ने बताया कि दो दिन पूर्व मटके वाली गली स्थित चार शोरूम में चोरी की बड़ी वारदात हुई थी, जिसमें करीब 15 से 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ। घटना के दो दिन बाद भी पुलिस किसी निष्कर्ष तक नहीं पहुंच सकी है, जिससे व्यापारियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।
व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि बाजार चौकी और आदर्श कॉलोनी क्षेत्र में पुलिस बल की कमी के कारण नियमित गश्त नहीं हो पा रही है। रात में पेट्रोलिंग न होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं और व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
इस दौरान व्यापारियों ने अग्रसेन चौक स्थित मोबाइल मंत्रा शोरूम में हुई दो चोरियों का मामला भी उठाया। व्यापारियों के अनुसार इन घटनाओं में लगभग 20 लाख रुपये का माल चोरी हुआ था, लेकिन चार माह बाद भी पुलिस कोई खुलासा नहीं कर सकी है। इसके अलावा सब्जी मंडी एवं काशीपुर फ्लाईओवर के नीचे दुकानों में हुई चोरियों का भी अब तक खुलासा नहीं होने पर व्यापारियों ने नाराजगी जताई।
व्यापारियों ने मांग की कि बाजार क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए, अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए तथा चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए।
कोतवाली पहुंचने वालों में अंकित नरूला, पवन गाबा, मनोज छाबड़ा, संदीप, पवन जिंदल, आशीष चंदना, सुनील झाम, आदित्य भनोट, नीतीश धीर, आशु मिगलानी, ऋषभ अरोरा, मधुर कुमार, उज्ज्वल कुमार, जतिन भसीन, ललित गोयल, राजेश कामरा, अनिल कुमार, अंशुल ठुकराल, अमित अरोरा, अजय चड्ढा, गौरव जुयाल, पुलकित कुमार, जिमी ठुकराल, शिवम चौहान सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।







