लखपति दीदी सम्मेलन में 20 महिलाओं का सम्मान
राजेश शुक्ला ने लखपति दीदी योजना को बताया महिला सशक्तिकरण का मजबूत माध्यम
राजेश शुक्ला के आवास पर महिला सशक्तिकरण का संदेश, 20 लखपति दीदियों का सम्मान
लखपति दीदी सम्मेलन में राजेश शुक्ला ने महिलाओं को आत्मनिर्भरता का दिया मंत्र
किच्छा। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की ओर से पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के आवास पर आयोजित लखपति दीदी सम्मेलन एवं सम्मान समारोह में नगर क्षेत्र की 20 लखपति दीदी बनी महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
मुख्य अतिथि भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री रश्मि रस्तोगी ने कहा कि लखपति दीदी योजना का उद्देश्य केवल महिलाओं की आय बढ़ाना नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और नेतृत्व के लिए सक्षम बनाना है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी करोड़ों महिलाएं अपने कौशल और मेहनत के बल पर परिवार तथा समाज की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर रही हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने सम्मेलन के सफल आयोजन पर महिला मोर्चा की टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह कार्यक्रम महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उज्ज्वला योजना, जनधन योजना, मुद्रा योजना, नमो ड्रोन दीदी योजना और स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा देने जैसी योजनाओं से महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि उत्तराखंड की महिलाएं खेती, पशुपालन और उद्यम के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि अधिक से अधिक महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर स्वरोजगार अपनाएं और वोकल फॉर लोकल अभियान के तहत स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाएं।
महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष विनीता सक्सेना ने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति के सशक्त होने से ही उत्तराखंड और देश मजबूत होगा।
इस अवसर पर शशि शुक्ला, तरुण दत्ता, विजय लक्ष्मी चौहान, पूनम जोशी, संध्या झा, शैल शुक्ला, जानकी तिवारी, प्रीति धीर, प्रेमलता चौहान, गोल्डी गोराया, कविता मान, रेनू यादव सहित भाजपा महिला मोर्चा के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री मधु गुप्ता ने किया।







