- *रुद्रपुर में बनेगी हाईटेक डिजिटल लाइब्रेरी, युवाओं को मिलेगी आधुनिक अध्ययन सुविधा – विकास शर्मा*
रुद्रपुर। शहर के युवाओं को जल्द ही अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त हाईटेक डिजिटल लाइब्रेरी की सौगात मिलने वाली है। प्रतियोगी परीक्षाओं एवं उच्च शिक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम और जिला प्रशासन ने इस परियोजना की तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को महापौर विकास शर्मा और मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) दिवेश शासनी ने नगर निगम अधिकारियों के साथ पुरानी तहसील भवन में प्रस्तावित डिजिटल लाइब्रेरी के लिए चिन्हित स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान भवन की संरचना, उपलब्ध स्थान और आवश्यक संसाधनों का आकलन किया गया। साथ ही लाइब्रेरी को आधुनिक स्वरूप देने के लिए किए जाने वाले निर्माण एवं विकास कार्यों पर भी चर्चा की गई।
महापौर विकास शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में रुद्रपुर के युवाओं को आधुनिक शिक्षा संसाधनों से जोड़ने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। उन्होंने कहा कि परियोजना के लिए जिलाधिकारी नितिन भदौरिया से खेड़ा स्थित पूर्व रजिस्ट्री कार्यालय की सरकारी इमारत उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया था, जिस पर सहमति मिल चुकी है।
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित डिजिटल लाइब्रेरी केवल पुस्तकालय तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसे शिक्षा एवं करियर निर्माण का आधुनिक केंद्र बनाया जाएगा। यहां विद्यार्थी ऑनलाइन एवं ऑफलाइन अध्ययन के साथ सिविल सेवा, बैंकिंग, एसएससी, राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं सहित अन्य परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे। भविष्य में इसे स्किल डेवलपमेंट एवं कोचिंग सेंटर के रूप में भी विकसित करने की योजना है।
सीडीओ दिवेश शासनी ने कहा कि युवाओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद के विभिन्न विकासखंडों में लाइब्रेरी स्थापित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि रुद्रपुर में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने की प्रक्रिया तेज हो गई है और जिलाधिकारी द्वारा पुराने तहसील भवन में इसके संचालन के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। जल्द ही परियोजना की विस्तृत रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
प्रस्तावित डिजिटल लाइब्रेरी वातानुकूलित होगी, जिसमें प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए समृद्ध बुक बैंक, कंप्यूटर लैब, हाई-स्पीड इंटरनेट, ई-लर्निंग सुविधाएं, डिजिटल अध्ययन सामग्री, शांत अध्ययन कक्ष तथा करियर काउंसलिंग एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
निरीक्षण के दौरान पार्षद पवन राणा, पार्षद विष्णु सिंह, व्यापार मंडल महामंत्री मनोज छाबड़ा, राजू नबियाल, अमित अरोड़ा (बॉबी) सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।







