*नानकमत्ता में ‘ऑपरेशन सफाया’: 10 तमंचों के साथ 10 आरोपी गिरफ्तार, 350 लीटर कच्ची शराब बरामद*
*10 घंटे तक चला पुलिस का सघन अभियान, 10 हजार लीटर लहन और चार भट्टियां नष्ट; संदिग्ध के पास से सात क्यूआर कोड स्कैनर व करीब 12 लाख रुपये बरामद*
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में नानकमत्ता थाना क्षेत्र में ‘ऑपरेशन सफाया’ के तहत पुलिस ने करीब 10 घंटे तक सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस की 10 टीमों ने अवैध असलहों, कच्ची शराब, साइबर अपराध की आशंका और वांछित आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान 10 आरोपियों को अवैध तमंचों के साथ गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 13 कारतूस और तीन खोखा कारतूस भी बरामद हुए।
पुलिस के अनुसार, अभियान का नेतृत्व एसपी सिटी रुद्रपुर ने किया, जबकि एसएसपी अजय गणपति स्वयं मौके पर मौजूद रहे। क्षेत्राधिकारी खटीमा, काशीपुर और सितारगंज के पर्यवेक्षण में नानकमत्ता पुलिस के साथ झनकईया, पुलभट्टा और दिनेशपुर थानों के पुलिसकर्मियों, पीएसी, एसओजी, पुलिस लाइन तथा एंटी राइट टीम के जवानों को भी अभियान में शामिल किया गया।
चार आरोपी कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार
अभियान के दौरान आबकारी अधिनियम के तहत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से 350 लीटर से अधिक अवैध कच्ची शराब बरामद की। इसके अलावा कच्ची शराब बनाने की चार भट्टियों को नष्ट करते हुए करीब 10 हजार लीटर लहन नष्ट किया गया।
14 संदिग्ध हिरासत में, दो वारंटी गिरफ्तार
पुलिस ने चेकिंग के दौरान 14 संदिग्ध व्यक्तियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 172 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई के लिए हिरासत में लिया। इसके साथ ही दो वारंटियों को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, सभी मामलों में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
क्यूआर कोड स्कैनर और नकदी मिलने से साइबर अपराध की आशंका
अभियान के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति के पास से सात क्यूआर कोड स्कैनर और करीब 12 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस को मामले में साइबर अपराध से जुड़े होने की आशंका है। बरामदगी के संबंध में जांच की जा रही है।
एसएसपी अजय गणपति ने निर्देश दिए हैं कि जिले के अन्य थाना और कोतवाली क्षेत्रों में भी इसी तरह के अभियान चलाए जाएंगे। अवैध असलहों, साइबर अपराध, कच्ची शराब और मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


