द्वाराहाट की 25 पंचायतों में 10 दिवसीय पर्यावरण जागरूकता अभियान शुरू

द्वाराहाट की 25 पंचायतों में 10 दिवसीय पर्यावरण जागरूकता अभियान शुरू

अल्मोड़ा। द हंगर प्रोजेक्ट इंडिया की ओर से द्वाराहाट विकासखंड की 25 ग्राम पंचायतों में 10 दिवसीय पर्यावरण जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य महिला जनप्रतिनिधियों की क्षमता का विकास करना तथा उन्हें अपने दायित्वों का निर्भीक और प्रभावी ढंग से निर्वहन करने के लिए सशक्त बनाना है।

अभियान के तहत महिला जनप्रतिनिधियों को ग्राम पंचायतों के साथ-साथ वन पंचायतों के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके लिए जनप्रतिनिधियों एवं वन पंचायत सदस्यों की बैठकें आयोजित की जा रही हैं। साथ ही प्रत्येक पंचायत में जागरूक मंच का गठन कर स्थानीय लोगों को विकास एवं पर्यावरण संरक्षण के कार्यों से जोड़ा जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान जलवायु परिवर्तन के प्रभावों और उससे उत्पन्न चुनौतियों की जानकारी दी जा रही है। प्राकृतिक जल स्रोतों, नौलों और धारों के संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसके अलावा केवल पौधारोपण ही नहीं, बल्कि पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल के महत्व पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।

अभियान में प्लास्टिक के कम उपयोग तथा उसके दुष्प्रभावों के संबंध में भी जागरूक किया जा रहा है। प्रतिभागियों को बताया गया कि जलवायु परिवर्तन के लिए मानवीय गतिविधियां प्रमुख रूप से जिम्मेदार हैं और इसके प्रभावों को कम करने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।

अभियान में रावलसेरा, नौलाकोट, रवाड़ी, बाड़ी, कामा, भंडरगांव, च्याली, बिंता, पारकोट, ईड़ासेरा, धनकल और मनेला सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों की महिला प्रधान, जागरूक मंच की सदस्य एवं वन पंचायत सदस्य सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। इस अवसर पर हंगर प्रोजेक्ट के जिला समन्वयक गिरीश जोशी, केवल चंद, भगवती गोस्वामी, दया नेगी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement