करीब 10 लाख रुपये की चरस के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
एएनटीएफ और पंतनगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, मोटरसाइकिल व मोबाइल भी बरामद
रुद्रपुर, 4 जून। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 10 लाख रुपये मूल्य की 1 किलो 150 ग्राम अवैध चरस के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन और तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और पंतनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने यह सफलता हासिल की। पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र चौधरी और पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर उत्तम सिंह नेगी के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन वैभव सैनी एवं क्षेत्राधिकारी पंतनगर डी.आर. वर्मा के पर्यवेक्षण में संयुक्त अभियान चलाया गया।
पुलिस के अनुसार 3 जून को रेलवे फाटक के आगे सैनिक फार्म जाने वाले मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान दो युवकों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में सुमित सिंह चमयाल के कब्जे से 1 किलो 43 ग्राम तथा योगेश लमगड़िया के कब्जे से 107 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। दोनों के पास से कुल 1 किलो 150 ग्राम चरस मिलने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
इस संबंध में थाना पंतनगर में एफआईआर संख्या 107/2026 के तहत धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बरामद चरस उन्हें नीरज बिष्ट निवासी केदारनाथ, थाना पाटी, जनपद चम्पावत से प्राप्त हुई थी। पुलिस अब पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच कर रही है तथा सप्लायर समेत अन्य संलिप्त लोगों की तलाश में जुटी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमित सिंह चमयाल निवासी ग्राम पखोंटी, थाना पाटी, जनपद चम्पावत तथा योगेश लमगड़िया निवासी कटना, थाना मुक्तेश्वर, जनपद नैनीताल के रूप में हुई है।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि मुख्यमंत्री के “नशा मुक्त देवभूमि” संकल्प को साकार करने के लिए जनपद पुलिस नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार कठोर कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।







