*मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं में होगा सुधार, महापौर ने किया निरीक्षण* *अधिकारियों के साथ बैठक कर चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत करने पर किया मंथन*

Spread the love

*मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं में होगा सुधार, महापौर ने किया निरीक्षण*

*अधिकारियों के साथ बैठक कर चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत करने पर किया मंथन*

रुद्रपुर। पंडित राम सुमेर शुक्ल स्मृति मेडिकल कॉलेज में चिकित्सा सुविधाओं को लेकर मिल रही शिकायतों का संज्ञान लेते हुए महापौर विकास शर्मा ने गुरुवार को मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेने के बाद कॉलेज प्रबंधन एवं चिकित्साधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने और चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा हुई।

महापौर ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में मरीजों को मूलभूत चिकित्सा सुविधाओं के लिए परेशान नहीं होना चाहिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न विभागों का जायजा लेकर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। इसके बाद मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सीपी भैसोड़ा, डॉ. राजीव, डॉ. शाही, डॉ. अजय शर्मा समेत अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की।

बैठक में अस्पताल की मौजूदा व्यवस्थाओं, उपलब्ध संसाधनों, चिकित्सा सेवाओं और भविष्य में सुविधाओं के विस्तार को लेकर चर्चा हुई। महापौर ने कहा कि जिला मुख्यालय स्थित अस्पताल से ऊधमसिंह नगर के लोगों को बड़ी उम्मीदें हैं। जिले के विभिन्न क्षेत्रों एवं स्वास्थ्य केंद्रों से गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार के लिए यहां रेफर किया जाता है। ऐसे में मेडिकल कॉलेज में चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत करना बेहद जरूरी है।

उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल की व्यवस्थाएं धीरे-धीरे मेडिकल कॉलेज में स्थानांतरित की जा रही हैं। वहीं, मेडिकल कॉलेज में शिक्षण कार्य शुरू करने की प्रक्रिया भी चल रही है। ऐसे में चिकित्सा शिक्षा के साथ उपचार की व्यवस्थाओं को भी समान रूप से मजबूत किया जाना आवश्यक है। चिकित्सा सेवाओं में कमी का सीधा असर मरीजों पर पड़ता है और उन्हें उपचार के लिए दूसरे शहरों की ओर रेफर करना पड़ता है।

महापौर ने गुरुवार को हादसे में घायल युवक को समुचित उपचार नहीं मिल पाने के कारण हुई मृत्यु पर चिंता और खेद व्यक्त किया। उन्होंने इमरजेंसी सेवाओं को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने के साथ ही सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड और ऑपरेशन जैसी महत्वपूर्ण सुविधाओं को चरणबद्ध तरीके से मजबूत करने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जाए तथा अतिरिक्त संसाधनों की जरूरत वाले क्षेत्रों को चिह्नित कर ठोस प्रस्ताव तैयार किए जाएं। चिकित्सा सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम और जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा सीएसआर के माध्यम से भी संसाधन जुटाने के प्रयास किए जाएंगे।

महापौर ने कहा कि जरूरत पड़ने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से वार्ता कर मेडिकल कॉलेज के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। धामी सरकार प्रदेश के प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। ऐसे में मेडिकल कॉलेज की भूमिका महत्वपूर्ण है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। महापौर ने कहा कि जल्द ही अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार दिखाई देगा। मेडिकल कॉलेज के पूर्ण रूप से विकसित होने के बाद यह क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था का महत्वपूर्ण केंद्र बन सकता है। इसके लिए चिकित्सा शिक्षा के साथ-साथ उपचार सुविधाओं को भी मजबूत करना जरूरी है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *