बच्चों के लिए Instagram-Facebook पर डिजिटल बेडटाइम, रात में एक्सेस पर लगेगी रोक*

*बच्चों के लिए Instagram-Facebook पर डिजिटल बेडटाइम, रात में एक्सेस पर लगेगी रोक*

नई दिल्ली। सोशल मीडिया का बढ़ता इस्तेमाल बच्चों और बड़ों दोनों के स्क्रीन टाइम को प्रभावित कर रहा है। खासकर किशोरों में देर रात तक सोशल मीडिया सक्रिय रहने की आदत को देखते हुए Meta ने Instagram और Facebook पर डिजिटल बेडटाइम फीचर का परीक्षण शुरू किया है। इसके तहत रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक प्लेटफॉर्म के इस्तेमाल पर रोक लगाने की तैयारी है। साथ ही रात के समय और स्कूल अवधि के दौरान नोटिफिकेशन को भी सीमित किया जाएगा।

बच्चों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर बढ़ेगी निगरानी

Meta की नई नीति के तहत नाबालिग यूजर्स के पोस्ट पर लाइक और रिएक्शन की संख्या को छिपाने का प्रावधान किया जाएगा। बच्चों और किशोरों के लिए कॉस्मेटिक सर्जरी से जुड़े फिल्टर पर भी प्रतिबंध लगाया जाएगा। इसके अलावा उम्र की पुष्टि करने वाली व्यवस्था (एज एश्योरेंस) और पैरेंटल कंट्रोल को मजबूत किया जाएगा।

कंपनी सोशल मीडिया के लगातार स्क्रॉल करते रहने वाले अनुभव में भी रुकावट डालने की तैयारी कर रही है, ताकि बच्चे लंबे समय तक प्लेटफॉर्म पर सक्रिय न रहें।

किशोरों को मिलेगा नॉन-पर्सनलाइज्ड फीड का विकल्प

Meta किशोर यूजर्स को नॉन-पर्सनलाइज्ड फीड का विकल्प भी उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रहा है। इसमें एल्गोरिदम आधारित व्यक्तिगत कंटेंट की जगह सामान्य फीड दिखाई जाएगी। कंपनी का उद्देश्य सोशल मीडिया पर अत्यधिक एंगेजमेंट और लगातार प्लेटफॉर्म पर बने रहने की प्रवृत्ति को कम करना है।

सेफ्टी को लेकर स्वतंत्र निगरानी

Meta के प्लेटफॉर्म की सुरक्षा संबंधी व्यवस्था की निगरानी स्वतंत्र ऑडिटर द्वारा किए जाने की बात भी सामने आई है। कंपनी ने प्लेटफॉर्म की सुरक्षा को लेकर भ्रामक दावे नहीं करने और यूजर्स को सुरक्षा से जुड़ी सही जानकारी उपलब्ध कराने पर सहमति जताई है। माना जा रहा है कि इन बदलावों से बच्चों और किशोरों के सोशल मीडिया इस्तेमाल को अधिक सुरक्षित और नियंत्रित बनाने में मदद मिलेगी।

Advertisement
Advertisement
Advertisement