एसएसपी अजय गणपति की सख्ती, किच्छा हत्याकांड में दो और आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

किच्छा हत्याकांड में दो और आरोपी गिरफ्तार, दो किशोर संरक्षण में

रुद्रपुर/किच्छा। कोतवाली किच्छा क्षेत्र के महराया रोड, लालपुर में हुए चर्चित हत्याकांड के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि घटना में शामिल दो अपचारी किशोरों को संरक्षण में लिया गया है। मामले में अब तक चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस के अनुसार 25 जून की शाम करीब छह बजे डायल-112 पर सूचना मिली थी कि महराया रोड, लालपुर में कुछ लोगों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया है। घायल विक्रांत उर्फ बागी को पहले अमृत अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर किया गया। उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

मृतक की पत्नी कंचन निवासी हरि मंदिर गली, मेन बाजार रुद्रपुर की तहरीर पर कोतवाली किच्छा में बंटी ठाकुर सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। विक्रांत की मौत के बाद मामले में हत्या समेत अन्य गंभीर धाराएं बढ़ाई गईं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सितारगंज के पर्यवेक्षण में गठित पुलिस टीम ने पहले 26 जून को वरुण कुमार निवासी रामेश्वरपुर और सुशील निवासी शिमला पिस्तौर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। एक अन्य आरोपी बंटी ठाकुर उपचाराधीन बताया गया है।

इसी क्रम में पुलिस ने 27 जून को दीपक निवासी खमरिया रोड, लालपुर तथा विजय प्रताप निवासी रामेश्वरपुर को गिरफ्तार कर लिया। घटना में शामिल दो अपचारी किशोरों को भी संरक्षण में लिया गया है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है तथा गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार के नेतृत्व में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुराग सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *